52 की उम्र में 25 जैसी फुर्ती! दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता की फिटनेस का खुला राज, सिर्फ इन 3 नियमों ने बदल दी काया

52 की उम्र में 25 जैसी फुर्ती! दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता की फिटनेस का खुला राज, सिर्फ इन 3 नियमों ने बदल दी काया

राजधानी दिल्ली के शासन-प्रशासन की भारी जिम्मेदारियों और भागदौड़ भरे दिनचर्या के बीच खुद की सेहत का ख्याल रखना किसी चुनौती से कम नहीं होता। मगर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने बेहद व्यस्त प्रोटोकॉल और बैठकों के बावजूद रोजाना अपनी सेहत के लिए एक से दो घंटे का समय जरूर निकालती हैं। उनका साफ मानना है कि जब तक शरीर और दिमाग पूरी तरह स्वस्थ नहीं होंगे, तब तक किसी भी काम में सौ प्रतिशत दे पाना मुमकिन नहीं है। 52 वर्ष की आयु में भी गजब की ऊर्जा और फुर्ती बनाए रखने के लिए वह तीन बुनियादी नियमों का सख्ती से पालन करती हैं और उन्हें कभी नहीं छोड़तीं।

खुद को ऐसे फिट रखती हैं सीएम रेखा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक फिटनेस कोई एक दिन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसके लिए एक अनुशासित रूटीन और नियम तय करना बेहद जरूरी है। बिना किसी तय समय-सारिणी या योजना के कसरत करने से शरीर को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता, इसलिए रूटीन का पक्का होना पहली शर्त है। अपनी दिनचर्या में वह सबसे पहला स्थान योग को देती हैं। उनके दिन की शुरुआत रोजाना सूर्य नमस्कार से होती है। सुबह के वक्त वह करीब 40 मिनट तक शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास करती हैं। वह किसी भारी-भरकम कमर्शियल जिम जाने के बजाय खुले पार्कों में लगे ओपन-जिम उपकरणों और पारंपरिक योगासनों पर ही भरोसा जताती हैं। उनका अनुभव है कि सुबह का यह योगाभ्यास दिनभर शरीर में ताजगी और ऊर्जा बनाए रखता है।

आहार के मोर्चे पर सीएम पूरी तरह सादगी और देसी खान-पान पर यकीन रखती हैं। उनका मानना है कि हम जैसा भोजन करते हैं, हमारा शरीर और मन भी उसी दिशा में ढलते हैं। उनकी रोजाना की थाली में पारंपरिक दाल, चावल, ताजी रोटियां, हरी सब्जियां और भरपूर सलाद शामिल रहता है। हरी पत्तेदार सब्जियों को वह अपनी डाइट में प्रमुखता देती हैं। इसके साथ ही ताजे फल, मौसमी जूस और सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट्स) उनके दैनिक पोषण का अहम हिस्सा हैं, जो उनके इम्युनिटी स्तर को मजबूत बनाए रखते हैं।

खान-पान में क्या शामिल करना है, उससे ज्यादा रेखा गुप्ता इस बात पर ध्यान देती हैं कि किन चीजों से दूर रहना है। वह किसी भी तरह के जंक फूड, फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक्स या बाजार के प्रोसेस्ड ड्रिंक्स को बिल्कुल हाथ नहीं लगातीं। अपनी सेहत को लंबे समय तक दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने अतिरिक्त चीनी, जरूरत से ज्यादा नमक और भारी तेल-मसालों से पूरी तरह किनारा कर लिया है। उनके भोजन में मसालों और तेल की मात्रा न के बराबर होती है। उनका कहना है कि जीभ के स्वाद के चक्कर में स्वास्थ्य से समझौता करना समझदारी नहीं है; अगर उम्र के हर पड़ाव पर एक्टिव रहना है तो इन नुकसानदेह चीजों से दूरी बनाना बेहद जरूरी है।