TMC सांसद यूसुफ पठान पर मेहरबान हुई BJP सरकार! 14 साल से अटका प्लॉट चंद मिनटों में हुआ मंजूर
पूर्व क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान को 14 साल के लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। 17 नवंबर को 44 साल के हुए पठान के जन्मदिन के ठीक अगले दिन यानी बुधवार 18 नवंबर को वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) की आम सभा ने गुजरात सरकार के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिसके तहत उन्हें 978 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की जाएगी। पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से टीएमसी के टिकट पर सांसद चुने गए पठान के ममता बनर्जी से बगावत के बाद सियासी समीकरणों में आए बदलाव के बीच गुजरात की भाजपा सरकार का यह फैसला सुर्खियों में है। 2011 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे पठान वडोदरा के तंडलजा स्थित अपने आवास से सटे इस भूखंड को साल 2012 से हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।
मंजूर हुए प्रस्ताव के अनुसार, तंडलजा में पठान के घर से लगे 978 वर्ग मीटर प्लॉट का 500 वर्ग मीटर हिस्सा उन्हें पूरी तरह मुफ्त दिया जाएगा। वहीं बाकी 478 वर्ग मीटर जमीन पर उन्हें 45 प्रतिशत की छूट दी गई है, जिसके चलते इस हिस्से के लिए उन्हें बाजार दर का सिर्फ 55 प्रतिशत भुगतान करना होगा। वीएमसी की स्वीकृत दर 2.10 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से इस पूरी जमीन का बाजार मूल्य करीब 20.53 करोड़ रुपये आंका गया है। 500 वर्ग मीटर जमीन निशुल्क मिलने के बाद शेष 478 वर्ग मीटर की कीमत लगभग 10.3 करोड़ रुपये होती है, लेकिन 45 फीसदी डिस्काउंट के बाद पठान को यह जमीन महज 5.51 करोड़ रुपये में मिल जाएगी।
इस पूरे मामले की जड़ें साल 2012 से जुड़ी हैं, जब पठान ने सुरक्षा और आवास की जरूरतों का हवाला देते हुए अपने घर के पास स्थित इस प्लॉट को 99 साल की लीज पर मांगा था। पहले वीएमसी की स्टैंडिंग कमेटी ने इसे हरी झंडी दी थी, लेकिन जून 2014 में राज्य के शहरी विकास विभाग ने नीलामी प्रक्रिया का हवाला देकर प्रस्ताव खारिज कर दिया था। इसके बाद वीएमसी ने उन पर प्रस्ताव रद्द होने के बावजूद बाड़ लगाने और अतिक्रमण करने का आरोप लगाया था। साल 2024 में सांसद बनने के बाद वीएमसी ने उन्हें नोटिस भी भेजा और मामला गुजरात हाई कोर्ट पहुंचा, जिसने अगस्त 2025 में सरकार के पक्ष में आदेश दिया। पठान ने डिवीजन बेंच में अपील की थी, लेकिन बदले घटनाक्रम के बीच 31 अगस्त को उन्होंने अपनी याचिका वापस ले ली थी और अब उन्हें यह जमीन आवंटित कर दी गई है।