यूपी में खुली सरकारी स्कूलों की पोल! सीजेपी के ‘सोशल ऑडिट’ में सामने आई ऐसी सच्चाई, हिल गया प्रशासन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के वरिष्ठ नेता सौरभ दास ने भारतीय जनता पार्टी को लेकर बड़ा सियासी दावा किया है। 'द एकेएस पॉडकास्ट' में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के कई पारंपरिक और न्यूट्रल समर्थक अब पार्टी की नीतियों से तंग आ चुके हैं और विकल्प की तलाश में सीजेपी की तरफ रुख कर रहे हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए दास ने बताया कि सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर अक्सर लोग उनसे मिलकर पार्टी के कार्यों की सराहना करते हैं और खुलकर स्वीकारते हैं कि वे पहले भाजपा के समर्थक थे, लेकिन अब मौजूदा हालात से नाराज होकर उनके साथ जुड़ रहे हैं।
पॉडकास्ट में एक वाकया सुनाते हुए सौरभ दास ने कहा कि दिवाली के दौरान एक स्टोर में उनकी मुलाकात एक शख्स से हुई, जिसने तस्वीर खिंचवाने के बाद खुद को भाजपा समर्थक बताते हुए कहा कि 'इन लोगों ने अब बहुत ज्यादा कर दिया है।' दास के अनुसार, जमीन पर यह बदलाव साफ दिख रहा है जहां बिना किसी कट्टर सोच वाले 'फेंस सिटर्स' मतदाता अब भाजपा के विरोध में आ रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने बिना सोचे-समझे समर्थन करने वाले कट्टर तबके पर कटाक्ष भी किया और कहा कि 3000 से ज्यादा एक्यूआई (AQI) होने के बावजूद प्रदूषण की अनदेखी करने वालों को हकीकत समझाना काफी मुश्किल काम है।
सियासी हलचल के बीच सौरभ दास इन दिनों उत्तर प्रदेश में संगठन के 'स्कूल ठीक करो' अभियान की कमान संभाल रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी की पश्चिमी यूपी टीम ने चार जिलों के 20 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों का सोशल ऑडिट पूरा किया है, जहां बुनियादी सुविधाओं की बदहाली और बच्चों की पढ़ाई की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। साल 2027 के शुरुआती महीनों में उत्तर प्रदेश सहित गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए सीजेपी ने देश भर में 10 जोन में अपनी टीमों का विस्तार किया है, जिसमें पार्टी का सबसे बड़ा फोकस और सबसे बड़ी टीम उत्तर प्रदेश के सियासी अखाड़े में उतारी गई है।