अखिलेश यादव का मास्टरस्ट्रोक! कांग्रेस को बैकफुट पर धकेलने के लिए उतारी 7 दिग्गजों की टीम, 370 सीटों पर ठोका दावा

अखिलेश यादव का मास्टरस्ट्रोक! कांग्रेस को बैकफुट पर धकेलने के लिए उतारी 7 दिग्गजों की टीम, 370 सीटों पर ठोका दावा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ औपचारिक वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के नेतृत्व में 7 सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है। इस विशेष दल में सपा के 5 वरिष्ठ नेताओं के साथ 2 डेटा एक्सपर्ट्स को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि 23 और 24 नवंबर को दोनों दलों के प्रमुख नेताओं के बीच सीटों को लेकर गहन मंथन हो सकता है, जिसके बाद इसी महीने गठबंधन फॉर्मूले की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। हालांकि, कमेटी के गठन पर फिलहाल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बातचीत की मेज पर शामिल किए गए दोनों डेटा विशेषज्ञ 2012, 2017, 2022 के विधानसभा चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव के वोटिंग पैटर्न का पूरा ब्योरा पेश करेंगे। इसमें यह देखा जाएगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में सपा और कांग्रेस का प्रदर्शन कैसा रहा और उन्हें कितने मत हासिल हुए। सूत्रों के अनुसार, सपा उन सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं है जहां वह पिछले चुनावों में दूसरे स्थान पर रही थी। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा 370 सीटों पर दावा ठोक सकती है, जिससे कांग्रेस के खाते में महज 33 सीटें आ सकती हैं। इससे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने संकेत दिए थे कि कांग्रेस 181 सीटों की मांग कर रही है, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने सीटों की अंतिम संख्या की पुष्टि नहीं की है।

दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि वे केवल सम्मानजनक स्थिति में ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इमरान मसूद ने 181 सीटों की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वास्तविक स्थिति बातचीत की टेबल पर तय होगी। मसूद के मुताबिक, 2027 की कांग्रेस 2017 जैसी स्थिति में नहीं है और पार्टी ने जमीन पर काफी मजबूती हासिल की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गठबंधन मिलकर लड़ा जाएगा और सपा को बड़े भाई की भूमिका में आगे रहने से कोई ऐतराज नहीं है, लेकिन कांग्रेस के राजनीतिक वजूद और सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरी उतर सके।