जंतर-मंतर पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए CJP नेता रिहा, बोले- 'Cockroaches never die'

जंतर-मंतर पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए CJP नेता रिहा, बोले- 'Cockroaches never die'

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक धरना स्थल जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के शीर्ष नेताओं को दिल्ली पुलिस ने रविवार को रिहा कर दिया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका को शनिवार को उनके तय प्रदर्शन से ठीक पहले हिरासत में लिया गया था।

दिल्ली पुलिस ने इन तीनों नेताओं को विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन की योजना से पहले स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) के सामने पेश किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई एहतियातन गिरफ्तारी थी। तीनों नेताओं पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (बीएनएसएस) की धारा 126 (शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा) और धारा 170 (संज्ञेय अपराधों की रोकथाम के लिए गिरफ्तारी) के तहत कार्रवाई की गई थी।

रिहाई के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने नेताओं का जोरदार स्वागत किया। संगठन ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराते हुए साफ शब्दों में लिखा, "Cockroaches never die।" सीजेपी का यह बयान अब राजनीतिक और सोशल मीडिया गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।