मंत्री बनकर SSC भर्ती में दखल देने वाला शातिर गिरफ्तार, 5 दिन की रिमांड पर; व्हाट्सएप हैकिंग से जुड़े तार

मंत्री बनकर SSC भर्ती में दखल देने वाला शातिर गिरफ्तार, 5 दिन की रिमांड पर; व्हाट्सएप हैकिंग से जुड़े तार

पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (CID) ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे आरोपी को दबोचा है, जो खुद को राज्य के मंत्री खुदीराम टुडू बताकर स्कूल सेवा आयोग (SSC) की भर्ती प्रक्रिया में दखल देने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि उसने इस मकसद से कई लोगों को व्हाट्सएप संदेश भी भेजे थे।

अरेस्ट किए गए युवक की पहचान उत्तर 24 परगना जिले के देगंगा निवासी जुल्फिकार अली के रूप में हुई है। एसएससी सचिव की शिकायत के आधार पर शुरू हुई इस जांच को विधाननगर पूर्व थाने से सीआईडी ने अपने हाथ में लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सीआईडी के डीजी नटराजन रमेशबाबू ने बताया कि आरोपी के व्हाट्सएप मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन अभी शुरुआती दौर में है, इसलिए विस्तृत जानकारी साझा करना उचित नहीं होगा। सीआईडी सूत्रों के अनुसार, जुल्फिकार अली ने लगातार तीन दिनों तक खुद को मंत्री बताकर कई लोगों को संदेश भेजे और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। जांच टीम अब यह खंगाल रही है कि उन मैसेज में किसी खास अभ्यर्थी, प्राप्तांक या दस्तावेज का जिक्र था या नहीं, साथ ही पैसों के लेन-देन और किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

दूसरी ओर इस प्रकरण के तार मंत्री के व्हाट्सएप हैकिंग मामले से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। मंत्री खुदीराम टुडू ने अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कुछ सप्ताह पहले ही मंत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लोगों से पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। सीआईडी के एक सूत्र ने बताया कि एजेंसी अब यह भी पड़ताल कर रही है कि क्या दोनों मामले आपस में जुड़े हुए हैं।