दिल्ली में हाई अलर्ट! ये 11 मेट्रो स्टेशन बंद, जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था अचानक बेहद कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित एक बड़े विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गए हैं।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने नई दिल्ली इलाके के कई नामी मेट्रो स्टेशनों के दरवाजे यात्रियों के लिए अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं।
ये 11 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
अगर आप आज दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। DMRC की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह से रोक दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह ही चालू रहेगी, जिससे अपना रूट बदलने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।
जंतर-मंतर पर धारा 163 लागू, छावनी में तब्दील हुआ इलाका
आपको बता दें कि गांधी जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA), राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एक बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया था। आयोजक मतदाता सूचियों के प्रबंधन और चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से इस सभा में शामिल होने की अपील की थी। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। पूरे नई दिल्ली जिले और खासकर जंतर-मंतर इलाके में BNS की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है।