सुबह-सुबह बड़ा रेल हादसा! कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, मची चीख-पुकार

सुबह-सुबह बड़ा रेल हादसा! कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, मची चीख-पुकार

असम के गुवाहाटी से सटे डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कोलकाता से सैरंग जा रही ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे अचानक पटरी से नीचे उतर गए। घटना सुबह करीब 6:54 बजे की है, जब ट्रेन को दूसरी गाड़ी को रास्ता देने (क्रॉसिंग) के लिए स्टेशन लूप लाइन पर रिसीव किया जा रहा था। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर प्रवेश के दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति पर समय रहते नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते लोकोमोटिव और उसके पीछे लगे 5 कोच बेपटरी हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर राहत व बचाव दल को रवाना किया गया। एनएफआर के महाप्रबंधक समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और ट्रैक बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है।

इस हादसे के कारण असम रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। रेलवे ने एहतियात के तौर पर दो प्रमुख ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रेगुलेट किया है-

  • ट्रेन संख्या 12067 (गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस): पनबाड़ी स्टेशन पर रोकी गई।

  • ट्रेन संख्या 15627 (कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस): पानीखैती स्टेशन पर नियंत्रित की गई।

यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा व जानकारी के लिए रेलवे प्रशासन ने चौबीसों घंटे चालू रहने वाले आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-

  • गुवाहाटी हेल्पलाइन: 0361-2731621, 0361-2731622, 0361-2731623

  • लुमडिंग पैसेंजर हेल्पलाइन: 03764-263858, 03764-265958, 03764-263831

  • लुमडिंग सिक्योरिटी हेल्पलाइन: 03674-263268, 03674-265949, 03674-265950

  • कमर्शियल कंट्रोल / अलीपुरद्वार (APDJ) हेल्पलाइन: 9002052957, 9046226635, 03564-253498, 03564-270870, 03564-270871

रेलवे ट्रैक को साफ कर रूट पर सामान्य परिचालन बहाल करने का काम तेजी से जारी है।