बंगाल की खाड़ी में फिर उठा महातूफान, अगले 6 दिन इन राज्यों के लिए भारी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में फिर उठा महातूफान, अगले 6 दिन इन राज्यों के लिए भारी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों तरफ एक साथ मजबूत मौसमी प्रणालियां सक्रिय होने से देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट पर अगले 24 घंटों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) बनने जा रहा है, जबकि थाईलैंड की खाड़ी से आ रहे चक्रवाती परिसंचरण के असर से 23 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के मध्य और पूर्वी हिस्सों में एक और नया चक्रवाती सिस्टम जन्म लेगा। 

इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में बना सिस्टम और गहरा होकर डिप्रेशन में तब्दील हो रहा है जो सोमालिया तट की ओर बढ़ेगा। इन दोहरे मौसमी हलचलों के चलते 20 से 22 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तथा 20 से 26 अक्टूबर के बीच केरल, माहे और लक्षद्वीप में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं तटीय व दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी 20 से 26 अक्टूबर के दौरान तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

उत्तर और मध्य भारत के मौसम में भी इसी हफ्ते बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 से 25 अक्टूबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, 24 से 25 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश और 23 से 26 अक्टूबर तक उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 

मैदानी इलाकों की बात करें तो 20 से 23 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा और पारा 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होगा, मगर 24 और 25 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बादल बरसने से ठंडक दस्तक देगी। राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में 24 अक्टूबर और पूर्वी जिलों में 20 व 24 अक्टूबर को 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले अंधड़ और बिजली कड़कने के साथ बौछारें पड़ेंगी। इसके अतिरिक्त 20 से 23 अक्टूबर के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र सहित पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।