सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय जोरदार धमाका: CRPF के 4 जवान जख्मी, 2 की हालत नाजुक

सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय जोरदार धमाका: CRPF के 4 जवान जख्मी, 2 की हालत नाजुक

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में अप्रयुक्त और अनुपयोगी विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सुरक्षा कैंप के समीप चल रही निस्तारण प्रक्रिया के बीच अचानक हुए तेज धमाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। इनमें से दो जवानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यह घटना गुरुवार शाम भेजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एलारमाडगु सुरक्षा कैंप के पास घटी।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर से कोंटा रेंज पहुंची सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की एम्युनिशन टेक्निकल टीम (ATT) विभिन्न कैंपों में रखे पुराने, निष्क्रिय और असुरक्षित विस्फोटकों की जांच व निस्तारण के अभियान पर थी। तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सुरक्षा बल के जवान कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपादर नाले के पास सुरक्षित दूरी पर इन विस्फोटकों को नष्ट कर रहे थे। उसी दौरान एक विस्फोटक का टुकड़ा अनियंत्रित होकर छिटक गया और उसमें अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद तकनीकी टीम के जवान आ गए।

हादसे में घायल हुए कर्मियों की पहचान एटीटी टीम के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) एम के तिवारी और इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा तथा 50वीं बटालियन के ASI अनीस खान व हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप राज के रूप में हुई है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दोनों एएसआई गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

घटना के फौरन बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और सभी घायलों को तुरंत कोंटा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। स्थानीय अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल जवानों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए बड़े अस्पताल रेफर करने और एयरलिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।