बाबा नीम करोली के दर्शन का प्लान है तो ठहरिए, नैनीताल पुलिस के इस नए नियम से लाखों पर्यटकों को झटका

बाबा नीम करोली के दर्शन का प्लान है तो ठहरिए, नैनीताल पुलिस के इस नए नियम से लाखों पर्यटकों को झटका

उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल नैनीताल और विश्व प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के आश्रम कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए बेहद जरूरी खबर है। वीकेंड और त्योहारी सीजन के दौरान पर्वतीय मार्गों पर लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन एक सख्त ट्रैफिक प्लान लागू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत बाहरी क्षेत्रों से आने वाले दोपहिया वाहनों को हल्द्वानी के काठगोदाम से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। प्रशासन भीड़भाड़ वाले दिनों और पीक टूरिस्ट सीजन में बाहरी बाइकों और स्कूटियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने की योजना बना रहा है।

पुलिस और यातायात विभाग के विस्तृत अध्ययन में यह बात सामने आई है कि पर्यटकों द्वारा लाई जाने वाली निजी बाइकों और हल्द्वानी से ली जाने वाली रेंटल स्कूटियों की भारी तादाद ही संकरी पहाड़ी सड़कों पर जाम की सबसे बड़ी वजह बन रही है। पर्वतीय इलाकों में दोपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल उपलब्ध न होने के कारण पर्यटक वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा कर देते हैं, जिससे दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही ठप हो जाती है। हाल ही में 2 से 4 अक्टूबर के लंबे वीकेंड के दौरान भी कैंची धाम मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा था और श्रद्धालुओं को घंटों फंसे रहना पड़ा था।

भीड़ और ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए रेंटल दोपहिया वाहनों को लेकर भी नियम बेहद सख्त किए जा रहे हैं। नई गाइडलाइन के तहत हल्द्वानी से किराए पर ली गई कमर्शियल टैक्सी बाइक या स्कूटी को कोई भी पर्यटक खुद चलाकर नैनीताल या कैंची धाम नहीं ले जा सकेगा। यदि किसी को दोपहिया टैक्सी से सफर करना है तो उसके साथ वाहन का मूल मालिक या उसका अधिकृत चालक होना अनिवार्य होगा। इस नियम को धरातल पर उतारने और मनमानी रोकने के लिए पुलिस ने मैदानी और पहाड़ी दोनों हिस्सों में सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले भर में चले व्यापक अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 258 चालान काटे गए और 78 वाहन सीज किए गए, जिनमें 72 दोपहिया वाहन शामिल हैं। इसके अलावा पांच ड्राइविंग लाइसेंस व परमिट निरस्त किए गए और 47 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के अनुसार, अकेले हल्द्वानी, भीमताल-भवाली, कैंची धाम और सीपीयू यूनिट ने मिलकर दर्जनों वाहनों पर जब्ती की कार्रवाई की है। वहीं भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी क्वारब पुलिस ने चोपड़ा के पास अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाने के साथ दो स्कूटी और एक टैक्सी बाइक को सीज किया है।