'कोहली को हटाकर मुझे कप्तान बनाने वाले थे', इस खिलाड़ी ने RCB के ड्रेसिंग रूम का खोला सबसे बड़ा राज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने आईपीएल इतिहास के एक बड़े अनसुने अध्याय से पर्दा उठाया है। पार्थिव पटेल ने पुष्टि की है कि इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोइन अली का वह दावा बिल्कुल सच था, जिसमें उन्होंने कहा था कि आरसीबी एक दौर में विराट कोहली को कप्तानी से हटाने की तैयारी कर चुकी थी। इतना ही नहीं, फ्रेंचाइजी कोहली की जगह खुद पार्थिव पटेल को टीम की कमान सौंपने का मन बना चुकी थी, हालांकि एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के कारण यह फैसला अमल में नहीं आ सका।
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बात करते हुए पार्थिव पटेल ने विस्तार से बताया कि 2019 सीजन के दौरान उन्हें टीम की अगुवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया था। उस समय आशीष नेहरा फ्रेंचाइजी के बॉलिंग कोच और गैरी कर्स्टन हेड कोच की भूमिका निभा रहे थे। पार्थिव के अनुसार, इन दोनों दिग्गजों ने उनसे कहा था कि वे अगले सीजन के लिए विराट की जगह कप्तानी संभालने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें। उस दौर में मोइन अली का नाम भी कप्तानी की चर्चाओं में शामिल था, लेकिन मैनेजमेंट की पहली पसंद पार्थिव ही थे।
यह योजना 2019 सीजन के नतीजों के बाद पूरी तरह उलट गई। उस साल आरसीबी पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही, जिसके चलते फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट ने कड़ा कदम उठाते हुए हेड कोच गैरी कर्स्टन और बॉलिंग कोच आशीष नेहरा दोनों को पद से हटा दिया। 2020 सीजन से पहले टीम में माइक हेसन (डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट) और साइमन कैटिच (हेड कोच) की नई जोड़ी ने कमान संभाली। नया मैनेजमेंट आते ही पूरी रणनीति बदल गई और जिस खिलाड़ी को कप्तानी मिलने वाली थी, उसे पूरे सीजन में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला।
2020 के सीजन में आरसीबी ने ओपनिंग में युवा देवदत्त पडिक्कल पर भरोसा जताया और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी एबी डिविलियर्स को सौंप दी। यह रणनीतिक बदलाव टीम के पक्ष में रहा और आरसीबी 2016 के बाद पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब रही। दूसरी तरफ, पूरे सीजन बेंच पर बैठने के बाद पार्थिव पटेल ने 2020 सीजन के समापन पर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। वहीं विराट कोहली 2020 और 2021 में टीम के कप्तान बने रहे और आखिरकार 2021 सीजन के अंत में उन्होंने खुद स्वेच्छा से आरसीबी की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया।