
डेस्क. पहले से ही लगभग दर्जन भर बीमारी से ग्रस्त लालू प्रसाद अब नई बीमारी की चपेट में आ गए हैं। उनके दाहिने कंधे और दोनों घुटनों में भी दर्द है। डॉ. डीके झा ने बताया कि चिकित्सकीय भाषा में इसे पेरी अर्थराइटिस कहते हैं। वह पहले से ही शुगर के मरीज हैं। जिसके कारण पेरी अर्थराइटिस ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीमारी में जोड़ों के बाहर का हिस्सा सूज जाता है।
डॉ. झा ने बताया कि शुगर के पुराने मरीजों के लिए पेरी अर्थराइटिस खतरनाक माना जाता है। ऐसे में उपचार के बारे में सोचा जा रहा है। विचार किया जा रहा है कि उन्हें अल्ट्रासाउंड के बाद डायाथर्मी दिया जाए। साथ ही उनके रूम में ही फिजियोथेरेपी देने की की व्यवस्था की जाए। फिलहाल उन्हें अन्य कोई समस्या नहीं है। जिस कारण कोई नई दवा शुरू नहीं की गई है।
बीपी, शुगर के साथ सीकेडी के मरीज हैं
रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती लालू प्रसाद पहले से ही बीपी व शुगर के मरीज हैं। पिछले माह यूरीनरी इन्फेक्शन के कारण भी वह काफी परेशान रहे थे। फिलहाल इन्फेक्शन नहीं है। लेकिन काफी पहले कार्डियेक सर्जरी भी की गयी है, जिसमें हार्ट का वाल्व बदला जा चुका है। वह क्रोनिक किडनी डिजीज (स्टेज थ्री) के मरीज हैं।
इसके अलावा प्रोस्टेट, हाइपर यूरीसिमिया, पेरियेनल इंफेक्शन, किडनी स्टोन, फैटी लीवर आदि की समस्या भी है। बीते अक्तूबर में तो अनियंत्रित ब्लड शुगर की वजह से उनके नर्वस सिस्टम पर बुरा असर पड़ने लगा था। जब भी वह बिस्तर से उठने की कोशिश करते थे, चक्कर आने लगता था।
डॉक्टरों के अनुसार इसे चिकित्सकीय भाषा में ऑटोनॉमिक न्यूरोपैथी कहते हैं। जिसमें ब्रेन का ब्लड सप्लाई कम हो जाता है और मरीज को चक्कर आने लगता है।