
उत्तर प्रदेश ।। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी में महासचिव नियुक्त किया है। उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया है। 47 वर्षीय प्रियंका इससे पहले लोकसभा चुनावों में भाई राहुल के लिए अमेठी सीट पर और मां सोनिया गांधी के लिए रायबरेली सीट पर प्रचार करती रहीं हैं।
लेकिन पार्टी में उन्हें पहली बार कोई पद दिया गया है। पिछले कई वर्षों से प्रियंका को सक्रिय राजनीति में लाने की कांग्रेस के नेता मांग करते रहे हैं। पूर्वी यूपी की सबसे अहम सीट बनारस से पीएम मोदी सांसद हैं। सीएम योगी गोरखपुर से आते हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में उनका भी बड़ा प्रभाव माना जाता है।
पढ़िए- फिर संकट में कमलनाथ सरकार, बसपा MLA ने दी धमकी
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी कांग्रेस महासचिव बनाया गया है। उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अब तक पार्टी के मुख्य महासचिव रहे अशोक गहलोत की जिम्मेदारी केसी वेणुगोपाल को दी गई है। वेणुगोपाल कर्नाटक के प्रभारी भी होंगे।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि प्रियंका गांधी को रायबरेली सीट से उतारा जा सकता है। अभी यहां से उनकी मां और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी चार बार से सांसद हैं। अस्वस्थता के चलते उन्होंने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार नहीं किया था।