पेरिस से लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर CM भगवंत मान को 3 घंटे रोका, AAP का आरोप- 50 हजार का काटा चालान
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है, जहां आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को परेशान और अपमानित करने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है।
पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि फ्रांस की राजधानी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड ट्रेड प्रदर्शनी 'SIAL पेरिस 2026' में पंजाब के उत्पादों को प्रमोट करके स्वदेश लौटे सीएम मान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर रविवार को करीब तीन घंटे तक बंधक जैसी स्थिति में रोके रखा गया।
पन्नू के अनुसार, एयरपोर्ट अधिकारियों ने सामान आने और उसकी गहन जांच के बहाने मुख्यमंत्री को बेवजह इंतजार कराया और जब वे अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना होने लगे, तो अधिकारियों ने ऊपर से भारी दबाव होने की बात कहते हुए उन पर 50,000 रुपये का चालान थमा दिया।
आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को समूचे पंजाब और पंजाबी अस्मिता का सीधा अपमान करार देते हुए आरोप लगाया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की अनुमति के बाद विदेश गए मुख्यमंत्री के दौरों को केंद्र की मोदी सरकार बार-बार इसलिए रोकती रही है ताकि राज्य में विदेशी निवेश और विकास की राह बाधित की जा सके। हालांकि, इस पूरे सियासी घटनाक्रम और आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों पर खबर लिखे जाने तक न तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) और न ही दिल्ली एयरपोर्ट कस्टम या सुरक्षा अधिकारियों की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।