लगातार छठी बार ताजपोशी! SGPC चुनाव में हरजिंदर सिंह धामी ने रचा इतिहास, विरोधियों के उड़े होश
सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के वार्षिक चुनाव में एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को लगातार छठी बार अध्यक्ष चुन लिया गया है। अमृतसर स्थित एसजीपीसी मुख्यालय के ऐतिहासिक तेजा सिंह समुंद्री हॉल में शुक्रवार को आयोजित बैठक के दौरान धामी के नाम पर सदन में सर्वसम्मति बनी। कुल 190 सदस्यीय सदन में इस बार 138 सदस्यों के पास मताधिकार था, जबकि 39 सदस्यों के निधन, पांच के इस्तीफे और तीन सदस्यों पर रोक के कारण 47 सदस्य प्रक्रिया से बाहर रहे तथा पांच सिंह साहिबान को मतदान का अधिकार नहीं था। इन परिस्थितियों के बीच सदन ने एकजुटता दिखाते हुए धामी के नेतृत्व पर फिर से भरोसा जताया है।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में करीब 20 मिनट तक चली बैठक में प्रधान पद के नाम पर गहन विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों की राय जानने के बाद उम्मीदवार चयन का अंतिम अधिकार शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सौंपा गया। सियासी गलियारों में चर्चा थी कि हाल ही में पार्टी में लौटीं बीबी जागीर कौर को कमान मिल सकती है, लेकिन अंतिम पलों में सर्वसम्मति धामी के पक्ष में बनी। नई कार्यकारिणी में धामी के साथ रघुजीत सिंह विर्क को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गुरबख्श सिंह खालसा को कनिष्ठ उपाध्यक्ष और गुरप्रीत सिंह झब्बर को महासचिव चुना गया, जबकि 11 सदस्यीय कार्यकारिणी में दो महिला सदस्यों को भी स्थान मिला है। अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कौम की चढ़दी कला और चुनौतियों से निपटने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।