सावधान! उत्तर प्रदेश में कोहरे का भयानक अटैक, एक्सप्रेसवे से लेकर उड़ानों तक पर ब्रेक लगने के आसार
उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड के बीच मौसम की करवट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है और आने वाले दिनों में ठंड का असर और गहराएगा। विभाग ने चेतावनी जारी की है कि राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 22 और 23 नवंबर को भीषण कोहरा छा सकता है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम रहने की आशंका है, जिससे नेशनल हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेल यातायात और हवाई उड़ानों के संचालन पर सीधा असर पड़ सकता है। इसे देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने वाहन चालकों को सुबह के समय गति धीमी रखने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सख्त सलाह दी है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर शुरू होने के संकेत हैं। 20 नवंबर को मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन इसके तुरंत बाद 21 और 22 नवंबर को कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और बारिश देखने को मिल सकती है। इस बारिश के थमने के बाद 23 से 26 नवंबर तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन नमी बढ़ने के कारण ठंड में एकाएक इजाफा होगा। वहीं पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों में 20 से 26 नवंबर के दौरान मौसम सूखा रहेगा, हालांकि यहां सुबह के वक्त घने कोहरे की चादर छाई रहेगी और सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी। मौसम के इस बदलते तेवर को देखते हुए यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले मौसम और रास्तों की ताजा अपडेट जांचने की सलाह दी गई है।