जमीन अधिग्रहण पर योगी सरकार का बड़ा फैसला! गाजीपुर के 49 गांवों के किसानों को मिलेगा भारी मुआवजा

जमीन अधिग्रहण पर योगी सरकार का बड़ा फैसला! गाजीपुर के 49 गांवों के किसानों को मिलेगा भारी मुआवजा

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में सड़क संपर्क को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गाजीपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को विंध्य एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे स्पर परियोजना के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले महीने से प्रभावित किसानों को भूमि का मुआवजा मिलना शुरू हो सकता है। शासन द्वारा उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को बजट जारी होने के बाद मुआवजा बांटने की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ेगी। इस परियोजना के तहत गाजीपुर की मुहम्मदाबाद, जमानियां और सेवराई तहसीलों के कुल 49 गांवों की जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 16,500 किसानों की 503 हेक्टेयर से अधिक भूमि शामिल है। मुआवजा वितरण के साथ ही जमीन के बैनामे की कार्यवाही भी आगे बढ़ाई जाएगी, जबकि परियोजना के तहत गंगा नदी पर एक पुल का निर्माण भी किया जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे स्पर के तैयार होने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के बीच सीधा व सुगम संपर्क स्थापित होगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को समय और मार्ग दोनों के लिहाज से बड़ी सहूलियत मिलेगी। लखनऊ, पटना, कोलकाता और दिल्ली के बीच आवाजाही करने वाले लोगों को वैकल्पिक व तेज मार्ग उपलब्ध हो सकेगा, वहीं मीरजापुर के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। यह संपर्क मार्ग पूर्वांचल की आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार देने में अहम भूमिका निभा सकता है।