सिर्फ टैबलेट ही नहीं, करियर का पूरा जुगाड़! यूपी सरकार ने युवाओं के लिए खोला योजनाओं का पिटारा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने के अभियान को तेजी से आगे बढ़ा रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट वितरण अभियान के जरिए प्रदेश के 60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को अब तक आधुनिक टैबलेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों की उच्च शिक्षा, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान बनाना है। योजना के तहत छात्रों को केवल गैजेट ही नहीं दिया जा रहा, बल्कि इंफोसिस के साथ विशेष साझेदारी के जरिए 18 हजार से ज्यादा ऑनलाइन कोर्सेज भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि युवा अपनी रुचि के अनुसार नई तकनीकी स्किल्स सीखकर करियर और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
टैबलेट में पहले से इंस्टॉल 'युवा साथी' ऐप छात्रों के लिए एक सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में काम कर रहा है। इसके जरिए डिग्री और डिप्लोमा धारक युवाओं को स्कॉलरशिप, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी सरकारी योजनाओं की सीधी जानकारी मिल रही है। साथ ही, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ी आवश्यक अपडेट्स भी एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। तकनीकी फीचर्स की बात करें तो विद्यार्थियों को दिए जा रहे टैबलेट में 8 इंच की स्क्रीन, 1.8 गीगाहर्ट्ज का ऑक्टा-कोर प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 64 जीबी का इंटरनल स्टोरेज दिया गया है। ऑनलाइन कक्षाओं और ई-बुक्स के लंबे उपयोग को ध्यान में रखते हुए इसमें 5,000 एमएएच की दमदार बैटरी दी गई है, जिससे पढ़ाई के दौरान बिना किसी तकनीकी रुकावट के डिजिटल संसाधनों का पूरा लाभ उठाया जा सके।