वाघा बॉर्डर से लौट रही लंदन की मॉडल से सरेराह लूट! अमृतसर में बाइक सवार ने झपटा 1.5 लाख का फोन
पंजाब के अमृतसर में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक वारदात सामने आई है। ब्रिटेन की राजधानी लंदन से अमृतसर घूमने आई एक महिला पर्यटक लाली से बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने करीब 1.5 लाख रुपये की कीमत वाला महंगा मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया। यह घटना अमृतसर के व्यस्त राम तलाई इलाके में उस समय घटी जब पीड़िता भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित अटारी-वाघा बॉर्डर की प्रसिद्ध रिट्रीट सेरेमनी देखकर वापस लौट रही थीं।
लंदन निवासी लाली पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई वीडियो में बतौर मॉडल काम कर चुकी हैं। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक वीडियो साझा कर पूरी आपबीती सुनाई। वीडियो में उन्होंने बताया कि वाघा बॉर्डर से वापसी के दौरान मोटरसाइकिल सवार झपटमार ने तेजी से झपट्टा मारकर उनका फोन छीन लिया। पीड़िता की औपचारिक शिकायत के आधार पर अमृतसर के रामबाग थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
फोन छिन जाने के सदमे के बावजूद लाली ने अमृतसर के स्थानीय लोगों के मददगार रवैये की खुले दिल से तारीफ की। उन्होंने वीडियो में खास तौर पर एक स्थानीय ऑटो चालक और होटल मालिक का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने संकट की घड़ी में उनकी हर संभव मदद की। महिला ने यह भी बताया कि बाद में उनके एक परिचित ने वतन वापसी के लिए फ्लाइट टिकट की व्यवस्था की। इसके साथ ही उन्होंने अमृतसर आने वाले अन्य देशी-विदेशी सैलानियों को सतर्क रहने की नसीहत देते हुए कहा कि शहर में आवागमन के दौरान अपने मोबाइल फोन और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतें।