दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रहे परिवार की टेंपो को ट्रक ने रौंदा, मां-बेटे समेत 4 की मौत

दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रहे परिवार की टेंपो को ट्रक ने रौंदा, मां-बेटे समेत 4 की मौत

लुधियाना में एक शादी समारोह की खुशियां मनाकर लौट रहे परिवार के लिए सफर का अंत इतना खौफनाक होगा, ऐसा किसी ने सोचा भी नहीं था। बिहार के छपरा-मुजफ्फरपुर नेशनल हाईवे-722 पर गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा के पास मंगलवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी टेंपो को बुरी तरह रौंद दिया। 

इस भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की मां-बेटे समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी दो साल की मासूम बच्ची अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। परसा थाना क्षेत्र के पुरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार अपनी 21 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी, नौ महीने के बेटे ऋषभ और दो साल की बेटी के साथ लुधियाना से शादी अटेंड कर ट्रेन से छपरा जंक्शन पहुंचे थे। स्टेशन से रात के वक्त वे टेंपो बुक करके घर के लिए निकले ही थे कि रास्ते में यह काल बनकर आया ट्रक उनकी टेंपो से टकरा गया।

उड़ गए टेंपो के परखच्चे

भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में अनु कुमारी और उनके दुधमुंहे बेटे ऋषभ के साथ-साथ टेंपो चालक आशीष कुमार (सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र) और खलासी 20 वर्षीय अमन कुमार ने भी दम तोड़ दिया। अमन भगवान बाजार थाना क्षेत्र के कटरा गांव का रहने वाला था।

गंभीर रूप से घायल विशाल और उनकी बेटी का हाजीपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है जिनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गड़खा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शवों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घर पहुंचने से ठीक पहले एक झटके में पूरा हंसता-खेलता परिवार उजड़ने से इलाके में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।