img

एक तस्वीर ने छत्तीसगढ़ की उन सभी सियासी अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया है, जिसे लेकर लंबे अरसे से कानाफूसी हो रही थी। सियासी चर्चाओं और वो सारी अटकलें क्या हैं, उसके बारे में हम आपको विस्तार से बताएंगे। लेकिन पहले बात कर लेते हैं इस तस्वीर की। ये तस्वीर उस वक्त की है जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने जन्मदिन का केक काटने के बाद मंच पर मौजूद अपने डिप्टी सीएम और उम्र में बड़े टीएस सिंहदेव को ना सिर्फ पहले केक खिलाया बल्कि पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।

पहली नजर में ये तस्वीर एक सामान्य शिष्टाचार का प्रतीक लग सकती है, मगर राजनीति में हर तस्वीर अपने आप में कहानी बयां करती है और ये तस्वीर तो इसलिए भी खास हो जाती है क्योंकि छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में चुनाव है और कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में भूपेश बघेल गुट और टीएस सिंहदेव गुट में सुलह कराई है। तो कल इस तस्वीर के जरिए दोनों नेताओं ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को क्या संदेश देने की कोशिश की है और टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल की बढ़ती दोस्ती कैसे बीजेपी के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

ऐसा दावा किया जाता है कि सरकार गठन के वक्त ये तय हुआ था कि पहले ढाई साल बघेल और फिर बाद के ढाई साल सिंहदेव सीएम रहेंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इससे नाराज होकर सिंहदेव ने 16 अगस्त 2022 को पंचायत व ग्रामीण मंत्रालय छोड़ दिया था। जिसके बाद दोनों नेताओं में नाराजगी की खबरें लगातार आती रहती थी। लेकिन विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने 28 जून को टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बना दिया। अब टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल की नाराजगी की खबरों पर इसके बाद विराम लग चुका है।

--Advertisement--