राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में बवाल, कहीं EVM खराब तो कहीं बहिष्कार; हेड कांस्टेबल की मौत

राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में बवाल, कहीं EVM खराब तो कहीं बहिष्कार; हेड कांस्टेबल की मौत

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों के लिए मतदान जारी है। चुनावी मैदान में उतरे कुल 9,094 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने के लिए सुबह से ही वोटर्स मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, हालांकि इस दौरान कई जगहों से ग्रामीणों की नाराजगी, ईवीएम खराबी और एक दुखद हादसे की खबरें सामने आई हैं।

सुबह दस बजे तक पूरे प्रदेश में 10.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस बीच चूरू जिले की राजगढ़ पंचायत समिति के ढंढाल लेखु गांव में चुनाव ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल भंवरलाल कुंडलिया की दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई। रात को खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों का गुस्सा कई जिलों में खुलकर सामने आया

चुनावी प्रक्रिया के दौरान पंचायत परिसीमन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा कई जिलों में खुलकर सामने आया। दौसा जिले के देहलाल, हरपट्टी और आमटेडा गांव के वार्ड संख्या 7 के ग्रामीणों ने नए परिसीमन का विरोध करते हुए मतदान का पूर्ण बहिष्कार कर दिया। डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर में डारापुरा गांव के लोग 12 किलोमीटर दूर खिदरपुरा पंचायत में जोड़े जाने से नाराज होकर बूथ पर नहीं पहुंचे। भरतपुर की बयाना पंचायत समिति के नगला सिंघाड़ा में भी ग्रामीणों ने बंगसपुरा पंचायत में विलय का विरोध करते हुए वोट डालने से दूरी बना ली। सबसे बड़ा गतिरोध करौली जिले के रीठौली गांव में देखने को मिला, जहां अलग ग्राम पंचायत की 25 साल पुरानी मांग पूरी न होने पर दो बूथों के कुल 1,388 मतदाताओं ने वोटिंग का पूरी तरह बहिष्कार कर दिया।

इसके साथ ही प्रदेश के कई मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में आई तकनीकी खराबी के चलते मतदान प्रक्रिया घंटों बाधित रही। श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ स्थित भैरूपुरा सीलवानी में बूथ संख्या 68 पर मशीन खराब रहने से करीब एक घंटा 50 मिनट देरी से वोटिंग शुरू हो सकी। धौलपुर में करीब एक घंटा, सीकर के हर्ष गांव में 40 मिनट और दौसा के निहालपुरा में भी खराबी के कारण लोगों को कतारों में खड़ा रहना पड़ा। बीकानेर के लूणकरणसर में पांच बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं। इन तमाम बाधाओं के बावजूद लोकतंत्र के पर्व में मतदाताओं का जज्बा भी दिखा, जहां कोटपूतली-बहरोड़ के नीमराना में 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला फूलीदेवी परिजनों के सहारे वोट डालने पहुंचीं और युवाओं ने भी कई बूथों पर उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।