'मैं ब्याज सहित चुकाता हूं...' जोधपुर में गहलोत पर गरजे सीएम भजनलाल, पेपर लीक और ईवीएम पर कांग्रेस को घेरा

'मैं ब्याज सहित चुकाता हूं...' जोधपुर में गहलोत पर गरजे सीएम भजनलाल, पेपर लीक और ईवीएम पर कांग्रेस को घेरा

राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा ने जोधपुर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस और पूर्व CM अशोक गहलोत पर जोरदार सियासी हमला बोला। गांधी मैदान पहुंचने पर पार्टी नेताओं, महिला शक्ति और हजारों कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किए जाने के बाद सीएम ने मंच संभालते ही कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। 

मंच पर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, विधायक देवेंद्र जोशी, भैराराम सियोल, अर्जुनलाल गर्ग और महापौर प्रसन्नचंद मेहता सहित तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। CM ने साफ कहा कि कांग्रेस जब चुनाव जीतती है तो ईवीएम पर खामोश रहती है, लेकिन हार का सामना करते ही संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुट जाती है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को बिना साक्ष्य कटघरे में खड़ा करना किसी भी लिहाज से स्वस्थ परंपरा नहीं है।

अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर में हुंकार भरते हुए CM ने सीधे तौर पर पूर्व सीएम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गहलोत जी का उनसे प्रेम जरूर है, लेकिन कांग्रेस के भीतर उनकी कोई सुनवाई नहीं है। सीएम ने सख्त लहजे में कहा, "मैं किसी का छोड़ता नहीं हूं, ब्याज सहित चुकाता हूं।" उन्होंने पिछली सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने, चहेतों और रिश्तेदारों को खाद-बीज की दुकानों व बेशकीमती जमीनों के रेवड़ी की तरह आवंटन के गंभीर आरोप लगाए।

इसके साथ ही उन्होंने आरपीएससी भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक प्रकरणों और नकल माफियाओं के नेटवर्क का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। मौजूदा सरकार अपने संकल्प पत्र के वादों को धरातल पर उतार रही है और राजस्थान के युवाओं को 4 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है।

संबोधन के दौरान सीएम भजनलाल ने 1975 के आपातकाल का हवाला देते हुए कांग्रेस को लोकतंत्र के मुद्दे पर आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने प्रेस की आजादी छीनी और विपक्ष को जेल में डाला, वह आज लोकतंत्र की रक्षक बनने का ढोंग कर रही है।

पिछली गहलोत सरकार की 'होटल पॉलिटिक्स' और सियासी खींचतान की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्तालोलुपता की नहीं बल्कि जनसेवा और भरोसे की है। देश में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को चिन्हित कर बाहर का रास्ता दिखाने का संकल्प दोहराते हुए CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर चलते हुए युवाओं को रोजगार, किसानों को संबल और महिलाओं को सशक्त बनाकर ही विकसित भारत का सपना साकार किया जाएगा।