भीलवाड़ा का खौफनाक हत्याकांड: प्रॉपर्टी के लिए 72 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर जलाया शव, नदी में फेंकी हड्डियां

भीलवाड़ा का खौफनाक हत्याकांड: प्रॉपर्टी के लिए 72 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर जलाया शव, नदी में फेंकी हड्डियां

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाला सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है, जहां पिछले 15 दिनों से लापता 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमला देवी काकरिया की गुमशुदगी अब एक खौफनाक हत्याकांड में तब्दील हो चुकी है। 

भीलवाड़ा पुलिस के अथक प्रयासों से इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, वीर सावरकर चौक निवासी कमला देवी की पुत्रवधू रवीना देवी ने 15 अक्टूबर को भीमगंज थाने में अपनी सास की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। डीवाईएसपी सज्जन सिंह के नेतृत्व में जांच के दौरान अंतिम बार बुजुर्ग महिला आर.के. कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय आरोपी रवि तापड़िया के साथ नजर आई। 

पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर की गई मनोवैज्ञानिक और कड़ी पूछताछ में रवि टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रवि बुजुर्ग महिला के घर आता-जाता था और उनके लेनदेन के काम संभालता था। प्रॉपर्टी हड़पने और हस्तांतरित करवाने के लालच में उसने खौफनाक साजिश रची। आरोपी रवि बुजुर्ग महिला को सुभाष नगर थाना क्षेत्र की छोटी पुलिया स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसने अपने साथी हीरा सिंधी के साथ मिलकर बेरहमी से मुंह दबाकर महिला का गला घोंट दिया। 

सबूत मिटाने के इरादे से दोनों दरिंदों ने शव को घर में ही जला दिया और बची हुई हड्डियों व राख को पालड़ी रोड स्थित कोठारी नदी में फेंक दिया। इस जघन्य खुलासे के बाद पुलिस ने रवि और उसके साथी हीरा सिंधी को अरेस्ट कर लिया है।

 मंगलवार को आरोपियों की निशानदेही पर गोताखोरों, एफएसएल (FSL) टीम और जेसीबी की मदद से कोठारी नदी में मृतका के अवशेषों की सघन तलाश की जा रही है। बरामदगी के बाद मृतका की राख और हड्डियों का उनके परिजनों के साथ डीएनए (DNA) टेस्ट भी करवाया जाएगा ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य मजबूती से जुटाए जा सकें, वहीं इस क्रूर हत्याकांड ने पूरे भीलवाड़ा शहर को सन्न कर दिया है।