महातूफान 'अर्नब' से राजस्थान के मौसम में बड़ा उलटफेर; 18 जिलों में आंधी-बारिश का Yellow Alert, बढ़ेगी कड़ाके की ठंड
बंगाल की खाड़ी में तबाही मचाने वाले चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का सीधा असर अब मरुधरा यानी राजस्थान के मौसम पर भी दिखने लगा है। समुद्री हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने इस बड़े मौसमी बदलाव को देखते हुए 29 और 30 अक्टूबर के लिए राजस्थान के 18 जिलों में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी कर दिया है।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, 29 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी इस चक्रवाती तंत्र का आंशिक असर देखने को मिलेगा। तूफान के चलते आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे दिन के तापमान में भारी गिरावट आएगी और सुबह-शाम की सर्दी जोर पकड़ेगी। फिलहाल प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
एक तरफ जहां बाड़मेर 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, वहीं इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है, जिससे वहां गुलाबी ठंड का अहसास तेज हो गया है। इसके अलावा सिरोही में 14.4 डिग्री, पिलानी में 15.5 डिग्री, सीकर में 15.8 डिग्री और चूरू में 17 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि चक्रवात की वजह से होने वाली इस बेमौसम बारिश के बाद पूरे राजस्थान में कड़ाके की सर्दी की आधिकारिक शुरुआत हो जाएगी।