राजस्थान बॉर्डर पर रेलवे ट्रैक के पास जोरदार धमाका; चंद मिनटों से टला भीषण रेल हादसा, दहल उठा इलाका

राजस्थान बॉर्डर पर रेलवे ट्रैक के पास जोरदार धमाका; चंद मिनटों से टला भीषण रेल हादसा, दहल उठा इलाका

राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रामसिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक के पास एक जोरदार धमाके से सनसनी फैल गई। हादसा 50 GB गांव के नजदीक हुआ। राहत की बात यह रही कि धमाके से ठीक कुछ ही देर पहले वहां से नियमित ट्रेन गुजरी थी; अगर यह वाकया चंद मिनट पहले घटता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि रेलवे पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की भनक लगते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर भारी पुलिस जाब्ते और रेलवे अधिकारियों के साथ सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। इलाके को फौरन सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते (BDDS) को भी मौके पर बुला लिया गया है। दोनों टीमें रेलवे ट्रैक और आसपास के हिस्से से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई हैं।

सीमावर्ती इलाका होने की वजह से सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्कता बरत रही हैं, क्योंकि कुछ समय पहले ही श्रीगंगानगर के बॉर्डर एरिया से 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स (RDX) बरामद हुआ था। हालांकि, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती तौर पर इस घटना का उस आरडीएक्स बरामदगी से कोई सीधा संबंध नजर नहीं आ रहा है। एसपी के अनुसार, अभी यह पक्के तौर पर कहना जल्दबाजी होगी कि यह किसी विस्फोटक पदार्थ का सुनियोजित धमाका था या कोई अन्य तकनीकी खराबी। तकनीकी और फोरेंसिक जांच की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई पूरी तरह सामने आ सकेगी। फिलहाल प्रशासन पूरे ट्रैक पर गहन निगरानी बनाए हुए है।