दिन में रेकी और रात में खेल खत्म, जयपुर में पकड़े गए बाइक चोरों का अनोखा तरीका
जयपुर कमिश्नरेट की गलता गेट थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय दोपहिया वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 17 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है।
बरामद की गई बाइकों में ज्यादातर नई स्प्लेंडर और बुलेट शामिल हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान अखिलेश मीणा (22) व निशान्त उपाध्याय उर्फ निक्की (20) दोनों निवासी भुसावर (भरतपुर), और उस्मान उर्फ मुन्ना (19) निवासी खो नागोरियान (जयपुर) के रूप में हुई है।
दिन में सेटरिंग के बहाने रेकी, रात में अपाचे से शिकार
पुलिस की गहन पूछताछ में गिरोह के अपराध करने के अनोखे तरीके का खुलासा हुआ है। गिरोह का मास्टरमाइंड अखिलेश मीणा था, जबकि उस्मान दिन के समय कॉलोनियों में मकान निर्माण की सेटरिंग का काम करता था। काम के दौरान उस्मान पॉश कॉलोनियों और गलियों में खड़ी नई मोटरसाइकिलों की पहचान कर रेकी करता था। रात गहराते ही तीनों आरोपी अपनी अपाचे बाइक पर निकलते और चिन्हित की गई बाइक का लॉक मास्टर चाबी या एलंकी (Allen key) की मदद से चंद मिनटों में तोड़कर वाहन लेकर फरार हो जाते थे।
नशे और ऐशो-आराम के लिए करते थे चोरी, 15 अन्य गाड़ियां भी बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चोरी की इन बाइकों को बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने महंगे शौक, ऐशो-आराम और नशे की लत पूरी करते थे। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल के अलावा गलता गेट, मालवीय नगर, गांधीनगर, जामडोली, रामगंज, मुरलीपुरा और जयसिंहपुरा खोर सहित राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चुराई गई 15 अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इन सभी वाहनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया गया है।
मास्टरमाइंड अखिलेश पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पूछताछ में सामने आया है कि मास्टरमाइंड अखिलेश मीणा आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ जयपुर के सांगानेर, मालवीय नगर, गांधीनगर, खो नागोरियान और भरतपुर के मथुरागेट थाने में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल गलता गेट थाना पुलिस तीनों आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर रही है, ताकि बरामद वाहनों के मूल मालिकों तक पहुंचा जा सके और गिरोह से जुड़े खरीदारों व अन्य संपर्कों का पर्दाफाश किया जा सके।