रात की ठंडक भी हुई गायब! राजस्थान में अब 42 डिग्री तक तपाएगा सूरज, जानें आपके शहर का हाल

रात की ठंडक भी हुई गायब! राजस्थान में अब 42 डिग्री तक तपाएगा सूरज, जानें आपके शहर का हाल

राजस्थान में तय समय से करीब तीन दिन की देरी के बाद शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह रुखसत हो गया। इस साल मानसूनी सीजन में प्रदेश भर में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।

वहीं, बादलों की रवानगी के साथ ही राज्य में मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है और अक्टूबर की शुरुआत में ही तीखी धूप ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। शनिवार को झुंझुनूं के पिलानी में दिन का पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिससे इलाके में भीषण गर्मी का अहसास हुआ।

जानें पारे में कितना आया उतार चढ़ाव

बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में आसमान एकदम साफ रहा। सुबह की शुरुआत से ही तेज धूप खिली रही, जिसने दोपहर तक गर्मी को और बढ़ा दिया। राजधानी जयपुर में भी तीखी धूप का सीधा असर जनजीवन पर दिखा। जयपुर का अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस उछलकर 37.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के पारे में हुई इस हल्की बढ़ोतरी की वजह से शाम ढलने के बाद मिलने वाली ठंडक भी फिलहाल नदारद रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, मानसून की औपचारिक विदाई के बाद आने वाले एक हफ्ते तक राज्यभर में आसमान पूरी तरह शुष्क और साफ रहेगा। तेज धूप के चलते दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है, हालांकि किसी बड़े मौसमी उलटफेर की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम पारा 30 से 42 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के दायरे में बना रहेगा। कुल मिलाकर बादलों के थमने के बाद अब राजस्थान में दिन शुष्क और गर्म बने रहने के आसार हैं।