पढ़ाई गई तेल लेने, पहले लड्डू का हिसाब दो; कोटा में बनी लड्डू जनता पार्टी
नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद कर चुके राजस्थान के कोटा के 'जेन जी' (Gen-Z) छात्रों ने अब एक बेहद अनोखी मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। देश की प्रमुख कोचिंग हब कही जाने वाली शिक्षा नगरी कोटा में दीपावली के मौके पर कोचिंग संस्थानों द्वारा मिठाई न बांटे जाने से नाराज होकर सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने एकजुट होकर 'लड्डू-लड्डू' के जोरदार नारे लगाए और सड़कों पर पैदल जुलूस निकालकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इंटरनेट की दुनिया में भी इस विरोध ने खूब सुर्खियां बटोरीं और पूर्व में चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तर्ज पर अब सोशल मीडिया पर 'लड्डू जनता पार्टी' ट्रेंड करने लगी है।
इस पूरे हंगामे की शुरुआत कोटा के प्रमुख कोचिंग हब कोरल पार्क इलाके से हुई। त्योहार के अवसर पर घर-परिवार से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहकर मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों को उम्मीद थी कि लाखों रुपये की भारी-भरकम फीस लेने वाले कोचिंग संस्थान दीवाली की खुशी में उनके लिए कम से कम मिठाई का बंदोबस्त जरूर करेंगे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। छात्रों का गुस्सा तब और भड़क गया जब कुछ कोचिंग फैकल्टी और टीचर्स ने सोशल मीडिया पर खुद को मिले शानदार मिठाई और लड्डू के पैकेटों के वीडियो शेयर कर दिए। इसके बाद छात्रों का सब्र टूट गया और उन्होंने भी कम से कम मिठाई दिए जाने की मांग को लेकर एकजुट होना शुरू कर दिया।
सड़कों पर उतरे छात्रों ने हाथों में तख्तियां और बैनर थामकर प्रदर्शन किया, जिस पर लिखा था—'डेढ़ लाख रुपये फीस ले रहे हैं, लेकिन बदले में एक लड्डू तक नहीं दे रहे।' त्योहार के समय परिजनों से दूर रहने वाले छात्रों के इस दर्द और अनोखे प्रदर्शन को देखकर स्थानीय कोटावासी भी हैरान रह गए और कई लोगों ने छात्रों के प्रति पूरी सहानुभूति जताई। छात्रों ने इस पूरे मार्च के वीडियो बनाकर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड कर दिए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए। भारी फीस, कड़े मानसिक दबाव और तनाव भरी दिनचर्या के बीच उपजा यह 'लड्डू आंदोलन' कोटा के कोचिंग कल्चर पर एक नया तंज बनकर सामने आया है।