दिल्ली-जयपुर हाईवे पर काल बनकर पलटा ट्रॉला! मलबे में तब्दील हुई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर काल बनकर पलटा ट्रॉला! मलबे में तब्दील हुई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे संख्या-48 पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनीपुर चौक फ्लाईओवर के पास चने से लदा एक तेज रफ्तार और भारी-भरकम ट्रॉला अचानक अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही कार पर पलट गया। ट्रॉले का वजन इतना भयावह था कि कार उसके नीचे दबकर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने चंद सेकंड में एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। हादसे में दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पांच साल का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक वाकया शनिवार रात करीब 11:30 बजे पेश आया। कार सवार परिवार मूल रूप से राजस्थान के बानपुर स्थित आलू वाली भोलावास गांव का रहने वाला था और काफी समय से दिल्ली में रह रहा था। परिवार के सदस्य अपने पैतृक गांव से वापस दिल्ली की ओर लौट रहे थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही बनीपुर चौक के पास यह खौफनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रॉला इतनी अचानक कार पर गिरा कि अंदर बैठे लोगों को संभलने या बाहर निकलने का जरा भी मौका नहीं मिला। भारी ट्रॉले के नीचे दबने के कारण कार पूरी तरह चपटी हो गई, जिससे चीख-पुकार मचने पर राहगीर मदद के लिए दौड़े लेकिन कार को हाथों से हिला पाना असंभव था।

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। मलबे में तब्दील कार से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए दो भारी क्रेनों को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब क्रेनों से ट्रॉले को हटाया गया, तब जाकर कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को निकाला जा सका। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त दीपक, नितिन, सरिता और दिव्या के रूप में हुई है, जबकि चमत्कारिक रूप से बचे पांच वर्षीय मासूम बच्चे का उपचार ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

हादसे के बाद हाईवे पर मंजर बेहद डरावना था। ट्रॉले में लदे चने की बोरियां फटने से समूचा अनाज सड़क पर बिखर गया और डिवाइडर की मजबूत लोहे की ग्रिल चकनाचूर हो गई। दुर्घटना की वजह से नेशनल हाईवे-48 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर और मलबा हटवाकर कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया।