जीत का अंतर 217 वोट, ओवैसी ले गए थे 8,500! 2027 में इन 10 सीटों पर कैसे बचेगी सपा और भाजपा की साख?

जीत का अंतर 217 वोट, ओवैसी ले गए थे 8,500! 2027 में इन 10 सीटों पर कैसे बचेगी सपा और भाजपा की साख?

प्रदेश में भले ही ठंड की दस्तक हो चुकी हो, लेकिन उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो सूबे की कम से कम दस सीटें ऐसी थीं जहां जीत-हार का फैसला महज एक हजार से भी कम वोटों के अंतर से हुआ था। कहीं जीत का अंतर सिर्फ 203 वोट रहा तो कहीं महज 258 से 357 वोटों ने उम्मीदवारों की तकदीर तय कर दी। ऐसे संवेदनशील और कांटे के मुकाबले वाली सीटों पर अब असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नए गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' (SPM) की एंट्री ने सियासी दलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।

सपा की घेराबंदी या भाजपा को झटका?

सियासी पंडितों का मानना है कि इन नजदीकी मुकाबले वाली सीटों पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं का रुख सबसे निर्णायक साबित होता है। यदि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इन दोनों वर्गों के पारंपरिक मतों में सेंध लगाने में सफल रहता है, तो इसका सीधा असर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों के चुनावी गणित पर पड़ेगा। खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों में मुकाबला बेहद अप्रत्याशित हो सकता है, जहां 2022 में हार-जीत का अंतर कुछ सौ वोटों तक सिमट गया था। सपा के सामने अपनी उन सीटों को बचाने और भाजपा से सीधी टक्कर में वोट बैंक बिखरने से रोकने की बड़ी चुनौती है। वहीं दूसरी तरफ, भाजपा के लिए भी इन सीटों पर जीत का सिलसिला बनाए रखने के लिए नए जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधना आसान नहीं होगा।

इस नए मोर्चे को लेकर दोनों प्रमुख दल अपनी-अपनी रणनीति और दावों के साथ सामने आ रहे हैं। भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा का कहना है कि लोकतंत्र में हर किसी को गठबंधन या मोर्चा बनाने का अधिकार है, लेकिन अंतिम फैसला जनता की अदालत में होता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने विकास कार्यों के दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी और जनता किसी भी मोर्चे के झांसे में नहीं आएगी। वहीं दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने इस गठबंधन को खारिज करते हुए इसे भाजपा की 'बी टीम' करार दिया है। उन्होंने कहा कि सूबे की जनता जागरूक है और वह आगामी विधानसभा चुनाव में वोटों का बिखराव नहीं होने देगी।

साल 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े साफ गवाही देते हैं कि ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टियों ने कई सीटों पर जीत के अंतर से कहीं ज्यादा वोट हासिल किए थे। उदाहरण के तौर पर बाराबंकी की कुर्सी सीट पर जीत का अंतर महज 217 वोट था, जबकि एआईएमआईएम प्रत्याशी कुमैल अशरफ खान ने 8,541 वोट बटोरे थे। बिजनौर की चांदपुर सीट पर फैसला 234 वोटों से हुआ था और एआईएमआईएम के यासिर अराफात 1,586 वोट ले गए थे। नहटौर सुरक्षित सीट पर आजाद समाज पार्टी के आलोक कुमार को 1,338 वोट मिले, जबकि हार-जीत का अंतर सिर्फ 258 वोटों का था। इसी तरह रामनगर सीट पर जीत का फासला 261 रहा और एआईएमआईएम के विकास श्रीवास्तव को 4,940 वोट मिले थे। सुलतानपुर की इसौली सीट पर 269 वोटों का अंतर था और एआईएमआईएम के मजहर हुसैन को 3,308 वोट मिले। रामपुर की बिलासपुर सीट पर 307 वोटों से जीत तय हुई, जहां मुनीर अहमद 2,290 वोट हासिल करने में सफल रहे थे। सहारनपुर की नकुड़ सीट पर भी जीत का अंतर 315 वोट था, जबकि एआईएमआईएम की रिजवाना अली ने 3,593 वोट हासिल किए थे। ऐसे में 2027 की चुनावी जंग में ये दस करीबी सीटें सपा और भाजपा दोनों के लिए अग्निपरीक्षा साबित होने वाली हैं।