पहाड़ों पर सफेद चादर बिछने को तैयार! सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी, इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट!

पहाड़ों पर सफेद चादर बिछने को तैयार! सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी, इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट!

उत्तराखंड में ठंड की दस्तक के बीच मौसम एक बार फिर तेजी से करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की पूरी संभावना है। विशेषकर 3200 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जबकि राज्य के शेष हिस्सों व मैदानी इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी और बादलों की मौजूदगी से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

घाटी और मैदानी क्षेत्रों में आसमान में बादलों की आवाजाही और हल्की फुहारों के बीच मौसम खुशनुमा बना हुआ है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं ऊधमसिंह नगर के पंतनगर में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी पारे में तेजी से गिरावट आने के आसार हैं।

उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी में शनिवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से दोपहर दो बजे तक चटख धूप खिली रहने के कारण स्थानीय लोगों और सैलानियों को हल्की राहत मिली हुई थी, लेकिन अपराह्न करीब तीन बजे अचानक आसमान में घने काले बादल घिर आए। कुछ ही पलों में समूचा शहर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपट गया और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। धूप गायब होते ही तापमान तेजी से लुढ़क गया, जिसके चलते पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।