CM धामी के जाते ही मंच पर तांडव! कांग्रेस विधायक ने तोड़ीं कुर्सियां, उखाड़ फेंके माइक, पिथौरागढ़ में भारी बवाल!

CM धामी के जाते ही मंच पर तांडव! कांग्रेस विधायक ने तोड़ीं कुर्सियां, उखाड़ फेंके माइक, पिथौरागढ़ में भारी बवाल!

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के शुभारंभ अवसर पर जोरदार सियासी घमासान देखने को मिला है। धारचूला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी वाले मंच पर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। मुख्यमंत्री के सामने जनहित से जुड़े मुद्दों पर बोलने की अनुमति न मिलने से नाराज विधायक ने मुख्यमंत्री के प्रस्थान करते ही मंच पर रखी कुर्सियां और माइक उठाकर फेंक दिए। अगले दिन अपने तेवर और तीखे करते हुए हरीश धामी ने सरकार पर सीधा वार किया और कहा कि सरकार को जो कार्रवाई करनी है कर ले, हथकड़ियां उनके लिए गहनों की तरह हैं।

विधायक धामी ने इलाके में हाल ही में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 8 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत का जिक्र करते हुए सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले बच्चे के घर जाकर सांत्वना देने के बावजूद मुख्यमंत्री मंच से लिपुलेख तक बनी सड़क की सुंदरता का बखान करते रहे, जबकि वह सड़क सुरक्षा के लिहाज से अधूरी और खतरनाक साबित हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि सरकार कनाड़ के उन आंदोलनकारियों की सुध लेगी जो सड़क निर्माण की मांग को लेकर बिटौगढ़ में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने उनकी आवाज सुनने के बजाय मेले के आयोजक अध्यक्ष को ही बोलने से रोक दिया।

हरीश धामी ने शासन-प्रशासन पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए उन पर पहले भी कई मुकदमे थोपे गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खुली राजनीतिक चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार को अपने विकास कार्यों पर इतना ही भरोसा है, तो मुख्यमंत्री सीधे चुनावी मैदान में उतरें; वे उनकी जमानत जब्त कराने का माद्दा रखते हैं। विधायक ने साफ किया कि जनता के अधिकारों, पीड़ित परिवारों के न्याय और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर उनका संघर्ष किसी भी कानूनी कार्रवाई या मुकदमे के डर से थमने वाला नहीं है।