'जल्दी आ जाओ, पति मार देगा'... पिता को फोन करने के कुछ ही देर बाद पूजा-पाठ के विवाद में पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

'जल्दी आ जाओ, पति मार देगा'... पिता को फोन करने के कुछ ही देर बाद पूजा-पाठ के विवाद में पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

मध्य प्रदेश के राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गुराड़खेड़ा गांव में धार्मिक मान्यताओं और पूजा-पाठ को लेकर उपजा घरेलू कलह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में बदल गया। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे पति रामबाबू गुर्जर ने कथित तौर पर अपनी 36 वर्षीय पत्नी गायत्रीबाई गुर्जर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका के पिता ने रुंधे गले से बताया कि घटना से ठीक पहले गायत्रीबाई ने उन्हें फोन कर अपनी जान का खतरा जताया था और कहा था, "पिताजी जल्दी आ जाओ, पति मुझे मार देगा।" जब तक परिजन कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते, तब तक महिला की सांसें थम चुकी थीं।

तीज-त्योहार मनाने को लेकर होती थी तीखी तकरार

परिजनों के अनुसार, दंपती के बीच लंबे समय से भगवान की भक्ति, पूजा-अर्चना और तीज-त्योहार मनाने को लेकर तीखी तकरार होती रहती थी। मृतका के पिता का गंभीर आरोप है कि रामबाबू नास्तिक मिजाज का था और पत्नी पर दबाव बनाता था कि वह भगवान को मानना छोड़ दे क्योंकि भगवान ही सब कुछ नहीं होते। जब भी गायत्रीबाई घर में दीया-बत्ती या पूजा-पाठ करती थीं, आरोपी उन पर भड़क उठता था। वह अक्सर घर से बाहर ही रहता था और घर लौटते ही इसी बात को लेकर विवाद शुरू कर देता था। शनिवार की सुबह यह विवाद इतना बढ़ गया कि उसने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर टूट पड़ा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने गायत्रीबाई पर कुल्हाड़ी से चार घातक वार किए, जिनमें से तीन वार उनकी पीठ पर और एक गहरा वार गर्दन पर किया गया, जिससे मौके पर ही अत्यधिक खून बहने से उनकी मौत हो गई। राजस्थान सीमा से महज आधा किलोमीटर दूर स्थित गुराड़खेड़ा गांव (जो कोतवाली थाने से करीब 32 किमी दूर है) में वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मंजू मखेनिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां शाम 5:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका अपने पीछे 14 वर्षीय गब्बर और 8 वर्षीय धनराज नाम के दो मासूम बेटों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी रामबाबू गुर्जर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सीमावर्ती इलाकों में दबिश देना शुरू कर दिया है।