स्पाइसजेट ने खिड़की के टूटे कांच पर लगाया सेलो टेप, फोटो वायरल

img

नई दिल्ली॥ प्राइवेट सेक्टर की हवाई सेवा स्पाइस जेट की मुंबई से दिल्ली जा रहे विमान में लापरवाही का मामला उजागर हुआ है। इस फ्लाइट में बैठे यात्री उस समय चौंक गए जब विमान की ‌एक खिड़की का कांच टूटा हुआ था।

चौंकाने वाली बात यह थी कि इसे बदलने के बजाए इस पर सैलो टेप लगा दिया गया था। इस बारे में एक यात्री ने अपने ट्विटर हैंडल से एयरलाइंस की इस लापरवाही का फोटो पोस्ट किया। बताया जा रहा है कि पांच नवंबर को स्पाइसजेट विमान ने मुंबई से दिल्ली लैंड किया था। इसकी फ्लाइट संख्या एसजी 8152 (वीटी एसवाईजी) थी। फोटो पोस्ट करने वाले यात्री का नाम हरिहरन शंकरन है।

पढि़ए-आज भी कोरियाई लोगों की रगों में दौड़ रहा है अयोध्या का खून, सच्चाई जानकर हिल जाएंगे आप

शंकरन के पोस्ट पर कंपनी ने एक सामान्य जवाब दिया कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। इसके बाद शंकरन ने सवाल किया कि यदि वहां पर सैलोटेप लगाया गया है तो इससे बात से यह साफ है कि किसी न किसी को इस टूटी खिड़की के बारे में जानकारी थी। तो क्यों इसे सही नहीं किया गया।

विवाद बढ़ने पर स्पाइस जेट ने इस बारे में एक ट्वीट कर सफाई दी। कंपनी ने लिखा कि कांच पर जो दरार थी वो अंदर की तरफ थी। इस ग्लास का इस्तेमाल बाहरी कांच का नुकसान न हो इसलिए किया जाता है। इसके चलते कोई भी तकनीकी समस्या नहीं आती है। समस्या को उसी दिन सही कर दिया गया।

बता दें कि यदि हवाई यात्रा के दौरान विमान का कांच टूट जाता है तो बड़ी समस्या हो सकती है। ऐसे में विमान के अंदर मौजूद दबाव खत्म हो जाएगा और बाहरी हवा तेजी से अंदर आएगी। इसके साथ ही अंदर का तापमान तेजी से गिरेगा और विमान में सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा। अधिक ऊंचाई होने पर विमान को काफी नुकसान भी हो सकता है और यह हादसे का कारण बन सकता है।

Related News