150+ विकेट और शतक! 29 साल की दीप्ति शर्मा ने रचा ऐसा इतिहास, जो आज तक कोई भारतीय महिला नहीं कर पाई

150+ विकेट और शतक! 29 साल की दीप्ति शर्मा ने रचा ऐसा इतिहास, जो आज तक कोई भारतीय महिला नहीं कर पाई

वडोदरा के मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने हरफनमौला खेल के दम पर जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे मुकाबले में 121 रनों के बड़े अंतर से रौंद दिया। इस एकतरफा जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 328 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 48.5 ओवरों में महज 207 रन बनाकर सिमट गई।

टीम इंडिया की इस शानदार जीत की असली सूत्रधार 29 वर्षीय अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से करिश्माई प्रदर्शन किया। छठे नंबर पर बैटिंग करने उतरीं दीप्ति ने महज 86 गेंदों में 15 चौकों की मदद से नाबाद 106 रनों की आक्रामक पारी खेली। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में छठे या उससे निचले क्रम पर आकर शतक जड़ने वाली भारत की पहली महिला बल्लेबाज बन गईं। 

उन्होंने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर (126 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की महत्वपूर्ण शतकीय साझेदारी निभाई, जिसने मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया। बाद में गेंदबाजी में भी उन्होंने अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए 9 ओवर के कोटे में मात्र 32 रन देकर तीन अहम विकेट चटकाए।

इस मुकाबले में अपने करियर का दूसरा वनडे शतक ठोकते ही दीप्ति शर्मा ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया जिसने उन्हें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के एलीट क्लब में पहुंचा दिया। दीप्ति वनडे क्रिकेट में 150 से अधिक विकेट लेने और 2 या उससे अधिक शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। 

ओवरऑल भारतीय क्रिकेट इतिहास (महिला और पुरुष दोनों) में वह सचिन तेंदुलकर (154 विकेट और 49 शतक) तथा मनोज प्रभाकर (157 विकेट और 2 शतक) के बाद ऐसा ऐतिहासिक डबल पूरा करने वाली देश की तीसरी खिलाड़ी बनी हैं। दीप्ति के नाम अब 126 वनडे मैचों में दो शतक व 18 अर्धशतक सहित कुल 2877 रन और 171 विकेट दर्ज हो चुके हैं।

विश्व महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास पर नजर डालें तो दीप्ति से पहले यह अनोखा मुकाम सिर्फ तीन दिग्गज खिलाड़ी ही हासिल कर सकी हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (167 विकेट, 3 शतक), दक्षिण अफ्रीका की मैरिजैन कप्प (181 विकेट, 4 शतक) और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर (157 विकेट, 10 शतक) के नाम शामिल हैं। दीप्ति के इस ऑलराउंड प्रदर्शन पर भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि वह लंबे समय से शानदार फॉर्म में हैं और वर्ल्ड कप में भी मैच विनर साबित हुई थीं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच इस द्विपक्षीय सीरीज का तीसरा व अंतिम मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा।