ICC Rankings: अफ़गानिस्तान ने इंग्लैंड को पछाड़ा, T20I में तीन भारतीय बल्लेबाजों का राज
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा रैंकिंग्स में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। शारजाह में खेले गए ट्राई-सीरीज के फाइनल मुकाबले में ज़िम्बाब्वे को सात विकेट से धूल चटाकर अफ़गानिस्तान ने नया इतिहास रच दिया है। इस खिताबी जीत के दम पर अफ़गान टीम 94 रेटिंग पॉइंट्स के साथ ICC मेन्स ODI रैंकिंग में सातवें पायदान पर पहुंच गई है। यह अफ़गानिस्तान की अब तक की संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ वनडे रैंकिंग है, जिसे टीम ने इससे पहले मई 2025 में छुआ था। वहीं पूर्व वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को तगड़ा झटका लगा है; श्रीलंका के खिलाफ 430 रनों के विशाल लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहने और हालिया खराब फॉर्म के चलते इंग्लैंड की टीम 93 पॉइंट्स के साथ फिसलकर आठवें नंबर पर आ गई है। वनडे रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम 115 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर मजबूती से काबिज है, जिसके बाद न्यूजीलैंड (109), दक्षिण अफ्रीका (104), पाकिस्तान (103) और ऑस्ट्रेलिया (102) क्रमशः शीर्ष पांच में बने हुए हैं।
ICC मेन्स ODI रैंकिंग: टॉप 10 टीमें
-
भारत (115 अंक)
-
न्यूज़ीलैंड (109 अंक)
-
दक्षिण अफ्रीका (104 अंक)
-
पाकिस्तान (103 अंक)
-
ऑस्ट्रेलिया (102 अंक)
-
श्रीलंका
-
अफ़गानिस्तान (94 अंक)
-
इंग्लैंड (93 अंक)
-
बांग्लादेश
-
वेस्ट इंडीज
दूसरी तरफ, ICC मेंस T20I बैटिंग रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का जबरदस्त जलवा देखने को मिल रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू पांच मैचों की सीरीज के पहले मैच में शानदार शतक जड़ने वाले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर लंबी छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। अय्यर की इस बढ़त से टी20 रैंकिंग के टॉप 4 में अब तीन भारतीय बल्लेबाजों का कब्जा हो गया है। बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन नंबर एक की कुर्सी पर जमे हुए हैं, जबकि अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर काबिज हैं। भारत की इस तिकड़ी के बीच सिर्फ पाकिस्तान के कप्तान साहिबज़ादा फरहान हैं, जो श्रीलंका के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।
रैंकिंग में अन्य खिलाड़ियों ने भी उल्लेखनीय सुधार किया है। वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड 13 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त 24वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि श्रीलंका के कुसल मेंडिस तीन स्थान के सुधार के साथ 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने भी चार पायदान की बढ़त हासिल कर संयुक्त 27वां स्थान अपने नाम किया। इस अपडेट में सबसे लंबी छलांग पाकिस्तान के माज़ सदाकत ने लगाई, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में धाकड़ खेल दिखाते हुए टॉप 100 से सीधे 45वें स्थान पर एंट्री मारी है।