IPL 2027: रोहित को फिर मिल सकती है MI की कप्तानी, रेस में ये 3 नाम भी शामिल
इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन को लेकर मुंबई इंडियंस के खेमे से बड़ी हलचल सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लगातार तीन सीजन में टीम के लचर प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी हार्दिक पांड्या को कप्तानी से हटाने का मन बना चुकी है और उनकी जगह पूर्व सफल कप्तान रोहित शर्मा को दोबारा कमान सौंपने पर विचार किया जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो पांच आईपीएल खिताब जीतने वाले 'हिटमैन' दूसरी बार मुंबई इंडियंस की बागडोर संभालते नजर आएंगे।
इस सियासी और रणनीतिक फेरबदल की खबरों पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर विश्लेषण करते हुए कहा कि अगर इस खबर में सच्चाई है, तब भी रोहित शर्मा टीम के लिए दीर्घकालिक यानी लॉन्ग टर्म कप्तान नहीं हो सकते; वे ज्यादा से ज्यादा एक या दो सीजन ही टीम की कमान संभाल पाएंगे।
आकाश चोपड़ा ने साफ किया कि हार्दिक पांड्या अगले सीजन में मुंबई के कप्तान नहीं रहने वाले हैं, लेकिन अगर मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखकर रोहित से आगे देखता है, तो तीन अन्य खिलाड़ी मजबूत दावेदार बनकर उभरते हैं। इनमें पहला नाम सूर्यकुमार यादव का है, जो भारत को अपनी कप्तानी में टी-20 विश्व कप जिता चुके हैं और पूरे फोकस के साथ फ्रेंचाइजी का नेतृत्व कर सकते हैं।
दूसरे दावेदार के रूप में उन्होंने युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा का नाम सुझाया, जो भारतीय टी-20 टीम के उप-कप्तान रह चुके हैं और भविष्य में मुंबई के लंबे समय तक कप्तान बने रहने की पूरी क्षमता रखते हैं।
वहीं, तीसरे विकल्प के तौर पर स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम सामने रखा गया है, जिनके पास राष्ट्रीय टीम और फ्रेंचाइजी दोनों के लिए शानदार कप्तानी का अनुभव है। आकाश के मुताबिक, अगर वर्कलोड मैनेजमेंट आड़े नहीं आता है तो बुमराह भी इस रेस में सबसे आगे खड़े दिखते हैं।