मुशीर खान ने रचा इतिहास! शतक ठोकने के बाद चटकाए 5 विकेट, तोड़ा रवि शास्त्री का 36 साल पुराना रिकॉर्ड
मुशीर खान ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा के खिलाफ अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर अब 21वीं सदी में एक ही फर्स्ट क्लास (प्रथम श्रेणी) मैच में शतक ठोकने और पांच विकेट चटकाने वाले मुंबई के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
उनसे पहले यह ऐतिहासिक कारनामा पूर्व भारतीय दिग्गज रवि शास्त्री ने 1990-91 सत्र में मध्य प्रदेश के खिलाफ किया था। मुंबई के लिए खेलते हुए मुशीर ने पहले अपनी क्लासिक बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए 185 गेंदों में शानदार 109 रन बनाए। उनकी इस शतकीय पारी और अंगकृष रघुवंशी के बेहतरीन 114 रनों (180 गेंद) की मदद से मुंबई की टीम 430 का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
बल्ले से कोहराम मचाने के बाद गेंदबाजी में भी मुशीर का जलवा देखने को मिला, जहां उन्होंने अपनी फिरकी के जादू से महज 52 रन देकर हरियाणा के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा दी। इस घातक गेंदबाजी के चलते हरियाणा की टीम लंच तक 191 रनों पर अपने 5 अहम विकेट गंवाकर भारी दबाव में नजर आई। मुशीर खान के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने मुंबई को मुकाबले में बेहद मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है।
आपको बता दें कि मुंबई के 90 सालों से अधिक के क्रिकेट इतिहास में मदन रायजी (1947-48), दत्तू फडकर (1948-49), वीनू मांकड़ (1953-54), पॉली उमरीगर (1957-58) और रवि शास्त्री (1990-91) के बाद एक ही मैच में शतक और 'फाइफर' (5 विकेट हॉल) लेने वाले मुशीर खान महज छठे खिलाड़ी बन गए हैं, जिसने भारतीय क्रिकेट में उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख दी है।