टीम इंडिया को मिला नया चीफ सेलेक्टर: प्रज्ञान ओझा संभालेंगे कमान, जानें चयन समिति में और कौन कौन

टीम इंडिया को मिला नया चीफ सेलेक्टर: प्रज्ञान ओझा संभालेंगे कमान, जानें चयन समिति में और कौन कौन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया की सीनियर पुरुष चयन समिति में बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को नया मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया है। अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बोर्ड ने यह जिम्मेदारी वरिष्ठता के आधार पर ओझा को सौंपी है। इसके साथ ही पूर्व स्पिनर और महिला क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार को भी चयन समिति में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की मौजूदगी वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में सभी आवेदकों के इंटरव्यू और स्क्रीनिंग के बाद इन नामों पर मुहर लगाई। बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर आधिकारिक बयान जारी कर अजीत अगरकर के योगदान की सराहना की और नई समिति की घोषणा की।

चयन समिति में शामिल किए गए रमेश पोवार के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा कोचिंग का भी लंबा अनुभव है। भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेल चुके पोवार ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी, जहां टीम ने एशिया कप का खिताब जीता और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा वह मुंबई और गुजरात की घरेलू टीमों के मुख्य कोच तथा बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। अब पुनर्गठित पांच सदस्यीय पुरुष चयन समिति में प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं।

नई चयन समिति के सामने पहली बड़ी चुनौती भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए रणनीति और टीम चयन की होगी। भारतीय क्रिकेट टीम को कीवी धरती पर पांच मैचों की टी20 सीरीज, पांच मैचों की वनडे सीरीज और दो टेस्ट मैचों की द्विपक्षीय सीरीज खेलनी है। इस लंबे और अहम दौरे का पहला टेस्ट मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा, जिसके लिए यह नई सेलेक्शन कमेटी कोर टीम संयोजन पर काम करेगी।