WI vs BAN Test Series: वेस्टइंडीज टीम का हुआ ऐलान, 23 वर्षीय नए चेहरे को मौका, होप बाहर

WI vs BAN Test Series: वेस्टइंडीज टीम का हुआ ऐलान, 23 वर्षीय नए चेहरे को मौका, होप बाहर

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) के मौजूदा चक्र में अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। बांग्लादेश दौरे पर खेली जाने वाली इस दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में शीर्ष क्रम के 23 वर्षीय युवा बल्लेबाज केविन विकहम को पहली बार राष्ट्रीय टेस्ट टीम में जगह दी गई है।

वहीं, सीमित ओवरों के कप्तान और शानदार फॉर्म में चल रहे स्टार बल्लेबाज शाई होप को तीनों प्रारूपों में लगातार खेलने के बाद वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत इस दौरे से आराम दिया गया है। होप फिलहाल भारत के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज में टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। इस टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज टीम की कमान रोस्टन चेज संभालेंगे, जबकि जोमेल वारिकन को उप-कप्तान बनाया गया है।

शेड्यूल के मुताबिक, कैरेबियाई टीम 18 अक्टूबर को बांग्लादेश पहुंचेगी और टेस्ट सीरीज से पहले 22 से 24 अक्टूबर तक ढाका में तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलकर लाल गेंद के प्रारूप में ढलेगी। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच 28 अक्टूबर से मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में और दूसरा टेस्ट 5 नवंबर से सिलहट में खेला जाएगा। डब्ल्यूटीसी 2025-27 की अंकतालिका पर नजर डालें तो वेस्टइंडीज की स्थिति काफी निराशाजनक रही है। टीम 12 टेस्ट मैचों में सिर्फ 2 जीत, 2 ड्रॉ और 8 हार के साथ 20.83 जीत प्रतिशत लेकर आठवें पायदान पर टिकी है, जहां उससे नीचे केवल पाकिस्तान मौजूद है। फाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी कैरेबियाई टीम इस अंतिम दौरे पर जीत दर्ज कर सम्मान के साथ अपने अभियान का समापन करना चाहेगी।

घोषित 15 सदस्यीय वेस्टइंडीज टेस्ट स्क्वॉड में रोस्टन चेज़ (कप्तान), जोमेल वारिकन (उप-कप्तान), जोशुआ बिशप, जॉन कैंपबेल, तेगनारायण चंद्रपाल, जोशुआ दा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, आमिर जांगू, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, कीमो पॉल, केमर रोच, जेडन सील्स और केविन विकहम शामिल हैं।