img

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की महारैली है। इस महारैली में सभी विपक्षी दलों के नेता शामिल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार महारैली को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के, सपा नेता अखिलेश यादव, आरजेडी से लालू यादव व तेजश्री यादव, जम्मू काश्मीर से मुफ्ती महबूबा, फ़ारुक़ अब्दुल्ला समेत  कई नेता संबोधित करेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल अरविन्द केजरीवाल का संदेश पढ़ेंगी। ईडी कस्टडी से अरविंद केजरीवाल ने देश के लिए संदेश दिया है।

आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने महारैली स्थल का जायजा लिया। गोपाल राय ने बताया कि महारैली में कांग्रेस समेत गठबंधन के सभी घटक दलों के साथ अन्य विपक्षी पार्टियों के वरिष्ठ नेता पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा किट ये देश, संविधान, प्रजातंत्र को बचाने के साथ ही देश के भविष्य, नौजवान के भविष्य को बचाने की, किसान के मान-सम्मान, हमारी महिला और बेटियों के मान-सम्मान को बचाने की ये लड़ाई है। ये सत्य की लड़ाई है और इस लड़ाई में पूरा भारतवर्ष I.N.D.I.A गठबंधन के साथ है।

रामलीला मैदान में मौजूद कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि अब लड़ाई भाजपा बनाम I.N.DI.A. हो गई है। जिस तरह जुल्म और ज्यादती की इंतहा हो रही है वो साफ-साफ कह रहा है कि अब परिवर्तन होना चाहिए और तानाशाह सरकार को जाना चाहिए। वही कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। लोकतंत्र के पक्ष में आज पूरा देश खड़ा है और यही संदेश देने के लिए हम यहां पर आए हैं।

दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में रामलीला मैदान में आज पूरा हिंदुस्तान जुट रहा है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि  विपक्ष के सभी बड़े नेता सोनिया गांधी, रियंका गांधी, राहुल गांधी,  शरद पवार, उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, सीताराम येचुरी, डी. राजा, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव समेत सभी विपक्षी पार्टियों के लोग महारैली में जुट रहे हैं। आज रामलीला मैदान से पूरे देश में बड़ा संदेश जाएगा।

विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की महारैली पर बीजेपी ने तीखा तंज कसा है। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ये रैली लोकतंत्र बचाओ नहीं बल्कि विपक्ष की परिवार बचाओ रैली है। आज की रैली में नए परिवारवाद को जन्म दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये विपक्ष की चोरी और सीनाजोरी है। ये वो दल हैं, जो राम विरोधी हैं, हिंदू संस्कृति के विरोधी हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ये लोग अपने गुनाहों को छिपाने के लिए जुट रहे हैं। 

--Advertisement--