UP: प्रदेश सेवा के सीनियर पुलिस ऑफिसर अशोक कुमार को ADG कानून-व्यवस्था ने किया सम्मानित

img

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात अशोक कुमार (प्रथम) को सराहनीय कार्य हेतु प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया है। उन्हें बाराबंकी जनपद में तैनाती के दौरान कर्तव्यों के भलींभाँति निर्वहन के लिए प्रशस्ति-पत्र से नवाजा गया है। उनके इस उल्लेखनीय कार्य के लिए अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था पी वी रामाशास्त्री द्वारा दिया गया है।

आपको बता दें कि अशोक कुमार प्रदेश सेवा के पुलिस ऑफिसर हैं जो विभाग में एक ईमानदार पुलिस ऑफिसर के रूप में जाने जाते हैं। इतना ही नहीं वो जिस जिले में रहते हैं, पूरी कर्तव्यनिष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। सीनियर पीपीएस अधिकारी अशोक कुमार विभाग ही नहीं बल्कि आम जनता में भी एक सुलझे हुए मृदुभाषी अफसर के रूप में जाने जाते हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा में रहते हुए अशोक कुमार को वर्ष-2019 में दुर्गापूजा-दशहरा, चेहल्लुम, दीपावली, बारावफात एवं कार्तिक पूर्णिमा तथा श्रीराम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद प्रकरण में मा0 सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णय के दृष्टिगत प्रदेश में सुरक्षा परिदृश्य तथा कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा सम्मानित किया गया। हालाँकि ये एक अत्यन्त संवदेनशील व चुनौतीपूर्ण कार्य था फिर भी विषम परिस्थितियों को चुनौती के रूप में सहर्ष स्वीकार करते हुये अशोक कुमार द्वारा अभेद्य एवं अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अप्रतिम नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया गया।

इसके साथ ही अशोक कुमार को अचूक परिचालनिक नियोजन, सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था, उच्चकोटि के समन्वय एवं सतत् पर्यवेक्षण के फलस्वरूप उपरोक्त समस्त पर्व-आयोजन सुचारू रूप से सम्पादित करने में योगदान श्लाघ्य रहा। अशोक कुमार की तारीफ करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक पीवी रामशास्त्री ने कहा कि ‘आपके इस योगदान की सराहना करते हुये मैं यह विश्वास व्यक्त करता हूँ कि भविष्य में भी आप पूर्ण मनोयोग एवं सूझबूझ से उत्तरोत्तर अपना योगदान देते रहेंगे।’

Related News