आवाज देकर पास बुलाया और सीने में उतार दी गोली, शिव मंदिर परिसर में दिनदहाड़े बुजुर्ग पुजारी का कत्ल
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भौराकलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईटीआई कॉलेज परिसर में बने शिव मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह और मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
आवाज देकर पास बुलाया और सीने में उतार दी गोली
डीआईजी अभिषेक सिंह के अनुसार, यह वारदात मंगलवार (13 अक्टूबर) को हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद पीआरडी जवान के बयानों से मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक मंदिर परिसर पहुंचे थे। उन्होंने पहले स्वामी देवानंद भारती को नाम लेकर आवाज दी। जैसे ही पुजारी उनके पास पहुंचे, हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर गोली चला दी और तुरंत मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर भागने में सफल रहे।
घटनास्थल से मिली बुलेट, फॉरेंसिक जांच में जुटी टीमें
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विभाग और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस और एक बुलेट बरामद की है, जिसे बैलिस्टिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। हालांकि, मौके से कोई हथियार नहीं मिला है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सेना से रिटायर्ड थे पुजारी, परिचित पर गहराया शक
मृतक पुजारी स्वामी देवानंद भारती मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले थे और भारतीय सेना से रिटायर्ड फौजी थे। पिछले काफी समय से वह इसी शिव मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड के पीछे किसी करीबी या परिचित का हाथ हो सकता है, क्योंकि हमलावरों ने उन्हें सीधे नाम से पुकारा था। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG), सर्विलांस और भौराकलां थाने की संयुक्त तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।