घर के पास खेलते हुए खुले टैंक में गिरा 3 साल का मासूम, दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

घर के पास खेलते हुए खुले टैंक में गिरा 3 साल का मासूम, दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां बंबा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाने वाली घटना सामने आई है। यहां घर के पास खेलते-खेलते तीन साल का एक मासूम बच्चा खुले टैंक में गिर गया और उसकी जान चली गई। हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जब इलाके के रहने वाले मजदूर मोहम्मद रफीक का तीन वर्षीय बेटा निहाल मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते हुए निहाल घर से करीब 30 मीटर दूर एक वाहन धुलाई सेंटर के लिए खोदे गए 5 फीट गहरे खुले टैंक में जा गिरा।

परिजनों को इस बात की भनक तक नहीं लगी। जब बच्चा काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब डेढ़ घंटे तक परिजन और स्थानीय लोग उसे मोहल्ले में ढूंढते रहे। शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ले के ही कुछ बच्चों ने आकर बताया कि निहाल टैंक में गिर गया है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को टैंक से बाहर निकाला गया और परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के करीब तीन घंटे बाद शाम 7 बजे पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने और किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से फिलहाल इनकार कर दिया। एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में खुले गड्ढों और बिना सुरक्षा इंतजाम वाले टैंकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।