काशी से संगम और संगम से राजधानी तक विकास की नई पटरी, श्री मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन पर वाराणसी–प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रामबाग से वाराणसी तक मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। वहीं, प्रयागराज जंक्शन पर वाराणसी–नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेवा के संचालन से भी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिली।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्र उन्हें नमन कर रहा है। सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव मजबूत की थी। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक रेल नेटवर्क देश के कोने-कोने को जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश को रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। लंबे समय से प्रतीक्षित मेमू सेवा शुरू होने से प्रयागराज और वाराणसी के बीच नियमित आवागमन करने वाले विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लोग सुबह अपने कार्यों के लिए दूसरे शहर जा सकेंगे और शाम को वापस लौट सकेंगे। इससे यात्रियों के समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा विकसित उत्तर प्रदेश से विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी। श्री मौर्य ने कहा कि प्रयागराज केवल तीन पवित्र नदियों का संगम नहीं, बल्कि आस्था, शिक्षा, न्याय और संस्कृति का भी महासंगम है। महाकुंभ-2025 में लगभग 66 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन के दौरान भारतीय रेल ने जिस व्यापक स्तर पर सेवाएं प्रदान कीं, वह सराहनीय है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रयागराज की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य निरंतर हो रहा है।