गोंडा आएंगे सीएम योगी: मेधावियों को बांटेंगे टैबलेट, जानें तारीख

गोंडा आएंगे सीएम योगी: मेधावियों को बांटेंगे टैबलेट, जानें तारीख

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है। बेलसर ब्लॉक की न्याय पंचायत माधवपुर स्थित ग्राम पंचायत ठड़क्कीपट्टी में 27 नवंबर को मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए मंगलवार सुबह से ही गांव में अधिकारियों व कर्मचारियों की आवाजाही तेज हो गई। दौरे की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए अफसरों ने मोर्चा संभाल लिया है और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर जमीन के सीमांकन से लेकर अन्य बुनियादी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे।

मंगलवार सुबह एडीएम प्रमोद झा, सीआरओ रिंकी जायसवाल, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा और एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला सहित कई प्रशासनिक अधिकारी ठड़क्कीपट्टी गांव पहुंचे। टीम ने प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया और कानूनगो व लेखपालों को भूमि का सीमांकन कर चिह्नित करने के निर्देश दिए। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए जगह की उपलब्धता, पार्किंग और अन्य इंतजामों की समीक्षा भी की गई।

एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला ने राजस्व टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियों के दौरान किसानों के खेतों और मेड़ों को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि आयोजन के बाद खेतों की सीमा को लेकर किसानों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं पनपना चाहिए। यदि मेड़ टूटती है या किसी खेत को कोई क्षति होती है, तो उसे तुरंत पहले जैसी स्थिति में दुरुस्त कराया जाए ताकि किसानों को बाद में दिक्कत न हो।

प्रशासनिक अमला तय समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटा है, जहां सीएम योगी द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट देने के साथ अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि विनोद पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि परीक्षित तिवारी, शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ल, दद्दा ओझा, अनुपम शुक्ल, सुजीत शुक्ल और बृजमाधव तिवारी सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। इससे पहले गोंडा के जयप्रभाग्राम में चल रही कथा में भी मुख्यमंत्री का दौरा तय था, लेकिन उसी दिन उनकी मां के निधन की खबर मिलने पर वह कार्यक्रम रद्द हो गया था और वे गोरखपुर व लखनऊ होते हुए अपने पैतृक गांव पंचूर रवाना हो गए थे।