परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक लोकतंत्र को और व्यापक बनाएंगे, आधी आबादी को मिलेगी निर्णायक भागीदारी — डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र सरकार के तीन विधायी प्रस्तावों का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को साहसिक, दूरदर्शी और संकल्पबद्ध बताया। उन्होंने कहा, "ये विधेयक समय की मांग हैं, और मोदी सरकार इन्हें पूरा करने जा रही है। हमेशा की तरह विपक्षी दल इनका विरोध कर रहे हैं, जो गलत है।"
हर राज्य में लोकसभा और विधानसभा सीटें 50% बढ़ेंगी, 2029 से 33% महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में निर्णायक कदम
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विरोध और अवरोध के आगे झुकने के बजाय राज्यों की चिंताओं को ध्यान में रखा है। हर राज्य में 50% सीट वृद्धि का प्रस्ताव प्रतिनिधित्व के संतुलन की रक्षा करता है। उन्होंने कहा, "यह केवल एक विधायी पहल नहीं, बल्कि संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने की राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रमाण है।"
आधी आबादी, पूरी भागीदारी
डॉ. सिंह ने कहा, "महिला आरक्षण का अर्थ संसद में कुछ अतिरिक्त सीटें भर नहीं है। इसका अर्थ है देश की आधी आबादी को उन निर्णयों में भागीदार बनाना, जो उनके जीवन को सीधे प्रभावित करते हैं।" लोकसभा और विधानसभाओं में 33% आरक्षण से महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार, पोषण और आर्थिक नीतियों के निर्माण में सीधे भाग ले सकेंगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी अपनी आरक्षित श्रेणियों में प्रतिनिधित्व मिलेगा।
बदलते भारत के अनुरूप प्रतिनिधित्व
डॉ. सिंह ने कहा कि बीते दशकों में भारत की जनसंख्या, शहरीकरण और सामाजिक-आर्थिक संरचना में बड़े बदलाव आए हैं, और परिसीमन विधेयक इन्हीं नई आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लाया गया है। प्रस्ताव के अनुसार हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटें 50% बढ़ेंगी। इससे उत्तर प्रदेश को लोकसभा में 40 और विधानसभा में लगभग 202 नए जनप्रतिनिधि मिल सकते हैं।
उन्होंने लखनऊ का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां एक ओर तेजी से फैलता शहर है, तो दूसरी ओर सरोजनीनगर जैसे क्षेत्र में गांव, औद्योगिक क्षेत्र, नई आवासीय सोसाइटियां और विकसित होती बस्तियां एक साथ हैं। उन्होंने कहा, "ऐसी विविध जरूरतों को समझने, स्थानीय समस्याओं को नीति तक पहुंचाने और जनता से संवाद को और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिनिधित्व का विस्तार जरूरी है।"
सरोजनीनगर का अनुभव
डॉ. सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर में तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से 11,000 से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भरता का आधार मिला है। उन्होंने कहा, "जब महिलाओं को अवसर मिलता है, तो वे परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था, तीनों को मजबूत करती हैं। महिला नेतृत्व को सशक्त करना आज समय की मांग है।"