दीपावली मर्यादा, त्याग और लोककल्याण के आदर्शों को आत्मसात करने का पर्व : केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के उपरांत अयोध्या आगमन और उनके राज्याभिषेक की स्मृति से जुड़ा आस्था, श्रद्धा और उल्लास का पावन पर्व है। यह पर्व हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
श्री मौर्य ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, न्याय, सेवा, समर्पण और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस, सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश से कामना की कि उनकी कृपा से देश एवं प्रदेश के प्रत्येक घर-परिवार में सुख, समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली का वास हो। समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द की भावना और अधिक मजबूत हो तथा उत्तर प्रदेश निरंतर विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे।